1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली के लिए यूपी कांग्रेस ने सभी 6 जोन और 75 जिलों में तैयारियां तेज कर दी हैं।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस की वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली आयोजित होगी। इस महारैली को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत झोंक दी है। प्रदेश के सभी छह जोन और 75 जिलों में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी संगठन केसी वेणुगोपाल दिल्ली स्थित वार रूम से विभिन्न राज्यों में रैली की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के कनेक्ट सेंटर (कांग्रेस वार रूम) के माध्यम से सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों, छह जोन और 75 जिलों की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने संभाली कमान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में महारैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सक्रिय किया गया है और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पश्चिम, बृज, अवध, बुंदेलखंड, प्रयाग और पूर्वांचल समेत प्रदेश के सभी छह जोन में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। सभी 75 जिलों के जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर दिल्ली पहुंचने की कार्ययोजना बनाई गई है।
वरिष्ठ नेताओं को जिलावार तैयारियों की जिम्मेदारी
दिल्ली महारैली को लेकर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी नेतृत्व संभाला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी जिलों में वरिष्ठ नेताओं को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता जिला स्तर पर तैयारियों की निगरानी करने के साथ कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
इसके अलावा राजेंद्र पाल गौतम सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने इन संगठनों और नागरिकों से लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के अभियान से जुड़ने और दिल्ली पहुंचने की अपील की है।
पश्चिमी यूपी में इमरान मसूद, पूर्वी यूपी में देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद सक्रिय
महारैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने संभाली है। उनके अनुसार, वह अब तक 30 से अधिक संगठनात्मक बैठकें कर चुके हैं।
वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश से अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली पहुंचाने की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को सौंपी गई है। दोनों नेता जोनवार और जिलावार बैठकें कर तैयारियों को गति दे रहे हैं।
मताधिकार छीनने के प्रयास का विरोध करेगी कांग्रेस: इमरान मसूद
इमरान मसूद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों का दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों से मुलाकात की है। उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली महारैली में पहुंचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठी सरकार आम जनता के संवैधानिक अधिकार यानी मताधिकार को छीनने का प्रयास कर रही है। इसे किसी भी कीमत पर छीनने नहीं दिया जाएगा।
राहुल गांधी के नेतृत्व में ही बचेगा संविधान और लोकतंत्र: राजेंद्र पाल गौतम
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वोट बचाओ, देश बचाओ केवल एक रैली का नारा नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। वोट जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है और इसकी रक्षा करना हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसी संकल्प के साथ जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के उत्साह और वरिष्ठ नेताओं के समन्वय के साथ इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने में जुटा है।
राजेंद्र पाल गौतम ने यह भी कहा कि हाल ही में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित सुप्रीम कोर्ट मार्च में उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने संगठन की सक्रियता दिखाई थी। अब 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में भी प्रदेश से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रामलीला मैदान से बुलंद होगी लोकतंत्र की आवाज: आराधना मिश्रा मोना
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने विश्वास जताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र समर्थक नागरिकों की बड़ी भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि यह महारैली मताधिकार की सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और जनता के अधिकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने प्रदेश के कांग्रेसजनों से पूरी एकजुटता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ अभियान में शामिल होने तथा लोकतंत्र की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार का सम्मान और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में है।
यह भी पढ़ें: इंडियनऑयल Q2 में मुनाफे में लौटी, 21,630 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज