प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

यूपी में मिलावटखोरों पर शिकंजा

रक्षाबंधन से पहले यूपी में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 18 एफआईआर और 46 लाख की खाद्य सामग्री जब्त

रक्षाबंधन से पहले यूपी में एफएसडीए के विशेष अभियान में 18 एफआईआर, 182 नमूने और करीब 46 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त व नष्ट की गई।

रक्षाबंधन से पहले यूपी में मिलावटखोरों पर शिकंजा 18 एफआईआर और 46 लाख की खाद्य सामग्री जब्त

UP Cracks Down on Adulteration Ahead of Raksha Bandhan, 18 FIRs Filed |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। 20 अगस्त से चल रहे अभियान में अब तक 18 एफआईआर दर्ज, 182 खाद्य नमूने लिए गए हैं और करीब 46 लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त व नष्ट कराई गई है। कार्रवाई के दौरान खोवा, पनीर, दूध और घी के साथ मिलावट में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध रसायन भी पकड़े गए हैं। कई मामलों में कारोबार बंद कराने और प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई भी की गई है।

16 जिलों में पहुंची विशेष प्रवर्तन टीमें

कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, मेरठ, कासगंज, अलीगढ़, बागपत, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा, हापुड़, संत कबीर नगर, फिरोजाबाद, बदायूं, सम्भल और मथुरा समेत विभिन्न जनपदों में कार्रवाई की गई। एफएसडीए ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को केवल नमूना संग्रह तक सीमित नहीं रखा है। जहां खाद्य पदार्थ असुरक्षित या अस्वच्छ परिस्थितियों में पाए गए, वहां उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन के मामलों में एफआईआर, कारोबार बंद कराने और परिसर सील करने जैसी कार्रवाई भी की गई।

कानपुर से लेकर मेरठ तक मिलावटखोरों पर शिकंजा

कानपुर नगर में हटिया खोवा मंडी के 14 विक्रेताओं का निरीक्षण कर 18 नमूने लिए गए और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा करीब 4.30 कुंतल खोया नष्ट कराया गया। एक्सप्रेस-वे एवं फजलगंज खोवा मंडी में भी नमूने लिए गए। कानपुर देहात में खोवा निर्माण इकाइयों में रिफाइंड तेल, वनस्पति और एसएमपी के इस्तेमाल के मामले सामने आने पर तैयार खोया नष्ट कराया गया, संदिग्ध सामग्री जब्त की गई तथा संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई। लखनऊ में शिवाक्षी स्वीट्स पर कार्रवाई के दौरान 15 नमूने लिए गए। 686 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त करने के साथ 2,675 किलोग्राम संदूषित खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया और अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण कारोबार बंद कराया गया।

नकली घी और मिलावटी पनीर पर भी कार्रवाई

सम्भल में नकली घी तैयार करने वाले परिसर पर छापेमारी कर करीब 100 कुंतल घी जब्त किया गया। एफआईआर दर्ज कराने के साथ परिसर सील कर कारोबार बंद कराया गया। बदायूं में वाहन जांच के दौरान 1,605 किलोग्राम देशी घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10.53 लाख रुपये है। कासगंज में 4 कुंतल पनीर नष्ट कराया गया, जबकि हापुड़ में करीब 6 कुंतल पनीर नष्ट कराया गया। मथुरा में रिफाइंड तेल और संदिग्ध रसायनों का इस्तेमाल कर पनीर तैयार किए जाने के तीन मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई।

मिलावट के कच्चे माल पर भी नजर

एफएसडीए ने तैयार खाद्य पदार्थों के साथ मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान स्किम्ड मिल्क पाउडर, वनस्पति, रिफाइंड तेल, सिंथेटिक रंग, सोडियम बाई कार्बोनेट और संदिग्ध रसायन जब्त किए गए। प्रयागराज में 72 कुंतल विभिन्न खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जबकि अलीगढ़ में 17.5 कुंतल खोवा नष्ट कराया गया। फिरोजाबाद में 10 कुंतल मावा नष्ट कराने के साथ दो एफआईआर दर्ज हुईं। गाजियाबाद में संदिग्ध रसायन एवं अन्य सामग्री जब्त करते हुए दो एफआईआर दर्ज कराई गईं।

त्योहार की मिठास में मिलावट पर सख्ती

रक्षाबंधन के मद्देनजर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मिठाई, खोवा, पनीर, दूध और घी में मिलावट रोकना और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। एफएसडीए की ओर से लगातार निरीक्षण, सैंपलिंग, जब्ती, विनष्टीकरण और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें:    रक्षाबंधन पर अखिलेश यादव ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं, बोले- यह विश्वास और प्रेम का बंधन

Related to this topic: