लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए देर रात 40 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए देर रात 40 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए।
40 आईएएस अफसरों का तबादला
बहुप्रतीक्षित प्रशासनिक फेरबदल में 15 जिलों के डीएम भी बदल दिए गए हैं। नियुक्ति विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में 12 महिला अफसरों के प्रभार में बदलाव हुआ है।
डीएम पदों में बड़े बदलाव
काफी लंबे मंथन के बाद जारी आईएएस तबादला सूची में मौजूदा 8 डीएम को एक जिले से हटाकर दूसरे जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। जबकि 7 अफसरों को अन्य विभागों में तैनाती दी गई है। यूपी में एसआईआर समाप्त होने के बाद से ही अफसरों को तबादलों का इंतजार था।
दुर्गाशक्ति नागपाल बनीं कमिश्नर
लखीमपुर खीरी में लंबे समय से डीएम पद पर जमीं दुर्गाशक्ति नागपाल को देवीपाटन मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। दुर्गाशक्ति काफी पहले सचिव/कमिश्नर पद पर प्रमोट हो चुकी थीं, फिर भी डीएम पद पर आसीन थीं।
किंजल सिंह का तबादला, नई जिम्मेदारी
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से अनबन के बाद परिवहन आयुक्त किंजल सिंह को हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। किंजल सिंह की 7 महीने पहले ही परिवहन विभाग में नियुक्ति हुई थी।
नए परिवहन आयुक्त की नियुक्ति
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2010 बैच के आईएएस आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त बनाया गया है।
ऊर्जा और अन्य विभागों में भी बदलाव
औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार से एमएसएमई और निर्यात प्रोत्साहन विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे यूपी पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार को हटा दिया गया है। पंकज कुमार स्मार्ट मीटर विवाद की वजह से कुछ दिनों से चर्चा में हैं।
कई जिलों के डीएम को नई जिम्मेदारी
बुलंदशहर की डीएम श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी बनाया गया है। झांसी के जिलाधिकारी मृदुल चौधरी को पर्यटन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। फतेहपुर के जिलाधिकारी रविन्दर सिंह को ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। रायबरेली की डीएम हर्षिता माथुर को महिला एवं बाल विकास विभाग में निदेशक बनाया गया है। श्रावस्ती के डीएम अश्विनी कुमार पांडेय को अल्पसंख्यक विभाग में निदेशक बनाया गया है।
नए जिलाधिकारियों की तैनाती
योगी सरकार के द्वारा किए गए तबादलों में गौरांग राठी को झांसी, इंद्रजीत सिंह को सुलतानपुर, कृतिका शर्मा को बुलंदशहर, अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती और आलोक यादव को शामली का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर, नितिन गौड़ को अमरोहा, अभिषेक गोयल को हमीरपुर और निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में घनश्याम मीणा को उन्नाव, अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी, इंद्रजीत त्रिपाठी को मैनपुरी तथा मनीष बंसल को आगरा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़े: ममता सरकार पर हमला: सुरक्षा व घुसपैठ मुद्दा
https://www.primenewsnetwork.in/state/attack-on-mamata-govt-safety-infiltration-issue/175759