प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प

यूपी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 157 घंटे का अनवरत स्वच्छता अभियान

उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नगरीय निकायों में 157 घंटे का अनवरत स्वच्छता अभियान होगा।

यूपी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान 157 घंटे का अनवरत स्वच्छता अभियान

UP to Run 157-Hour Cleanliness Drive Under Seva Sankalp Campaign |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए योगी सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खास तौर पर 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सभी नगरीय निकायों में 157 घंटे का अनवरत स्वच्छता अभियान चलेगा। वहीं 1 अक्टूबर को प्रदेश के सभी विभागों, स्कूल-कॉलेजों और संस्थानों की भागीदारी से एक घंटे का विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 157 घंटे का स्वच्छता अभियान

नगर विकास मंत्री ने बताया कि 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में कुल 157 घंटे का अनवरत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नगर स्तर से लेकर वार्ड स्तर तक व्यापक साफ-सफाई, स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। इसके माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

महापुरुषों की जयंती पर होंगे विशेष आयोजन

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस, 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भी विशेष रूप से मनाया जाएगा। 17 अक्टूबर को पूरे सेवा संकल्प अभियान का समापन होगा।

1 अक्टूबर को एक घंटे का विशेष स्वच्छता कार्यक्रम

मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि 1 अक्टूबर को एक घंटे का विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नगर विकास विभाग के साथ प्रदेश के सभी विभागों, स्कूल-कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभाग और संस्थान अपने परिसरों तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

राज्यों के नगर विकास मंत्रियों के साथ हुई वर्चुअल बैठक

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना को लेकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में सभी राज्यों के नगर विकास मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक हुई। केंद्रीय मंत्री ने अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने भी वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। इस अवसर पर सचिव/निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा, अपर निदेशक ऋतु सुहास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:   यूपी में बॉल, क्राउन और कैनपैक का ₹6,566 करोड़ निवेश प्रस्ताव, मेरठ-उन्नाव में लगेंगी एल्युमिनियम कैन यूनिट

Related to this topic: