देहरादून के बैरागीवाला गांव में BJP नेता की हत्या से गांव में भारी बवाल हो गया है। गुस्साएं लोगों ने आरोपी के घर में आग लगा दी।
देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में मामूली कहासुनी से शुरू हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक घर पर अचानक हमला बोलकर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसमें घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मुस्लिम हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया, जिसमें हिंदू युवक की जान चली गई।
मारपीट में महिला समेत 4 लोग घायल
घटना के संबंध में बताया जाता है कि खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी उस वक्त हिंसक हो गई, जब गुस्साए एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोलकर मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई। जबकि, एक शख्स की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हिंदूवादी संगठन और आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण हिंदूवादी संगठन और आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और मुख्य आरोपी के घर तोड़फोड़ करते हुए नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य आरोपियों के एनकाउंटर करने और घर पर बुल्डोजर चलाने की मांग की।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और विधायक
सूचना मिलने पर एसपी देहात पंकज गैरोला सहित आसपास के थाना क्षेत्रों से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन, आक्रोशित लोग कार्रवाई होने तक मौके पर ही डटे रहने की जिद पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। साथ ही पीड़ित परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
बहरहाल पुलिस द्वारा आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है। गांव में तनाव के हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात कर दिया गया है।