प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

वहां मौजूद लोगों ने बचाया, पुलिस कर जांच में जुटी

सागर कलेक्ट्रेट में हंगामा, रामचरितमानस जलाकर युवक ने की आत्मदाह की कोशिश

युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,मुझे बेरहमी से पीटा गया, मुझ पर कट्टा (अवैध हथियार) अड़ाया गया और जबरन पेशाब मिला हुआ खाना खिलाया गया।

सागर कलेक्ट्रेट में हंगामा रामचरितमानस जलाकर युवक ने की आत्मदाह की कोशिश

​सागर। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने धार्मिक ग्रंथ 'रामचरितमानस' की प्रति को आग लगा दी। इसके बाद युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास भी किया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया है।

 

​युवक का प्रशासन पर आरोप, न्याय न मिलने का दावा

​हिरासत में लिए गए युवक की पहचान जैसीनगर के घोघरी गांव निवासी बहादुर चढ़ार (37) के रूप में हुई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक रो-रोकर प्रशासन पर अपनी बेबसी और न्याय न मिलने का आरोप लगा रहा है। युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,मुझे बेरहमी से पीटा गया, मुझ पर कट्टा (अवैध हथियार) अड़ाया गया और जबरन पेशाब मिला हुआ खाना खिलाया गया। मैंने इस प्रताड़ना के खिलाफ गोपालगंज थाने से लेकर एसपी (SP) कार्यालय तक न्याय की गुहार लगाई, लेकिन मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर मुझे यह कदम उठाना पड़ा।

​पटाखे भी लेकर पहुंचा था युवक

​पूछताछ और जांच में सामने आया है कि बहादुर चढ़ार कलेक्ट्रेट परिसर में अपने साथ सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, बल्कि पटाखे भी लेकर आया था। जब उससे इसका कारण पूछा गया, तो उसने बताया कि वह पटाखे इसलिए फोड़ना चाहता था ताकि उसकी आवाज सुनकर वहां भारी संख्या में लोग और अधिकारी इकट्ठा हो जाएं और उसकी बात सुन सकें।

जिस व्यक्ति पर आऱोप लगाया, उसने आरोप का खंडन किया 

​इस मामले में जिस मुन्ना सिंह बुंदेला नामक व्यक्ति पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसने बहादुर के सभी दावों को पूरी तरह से झूठा और निराधार बताया है। मुन्ना सिंह का कहना है कि वह इस युवक को जानता तक नहीं है और उसके खिलाफ साजिश के तहत गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।

​पुलिस कर रही है मामले की जांच

​सरेराह और कलेक्ट्रेट जैसे सुरक्षित परिसर में धार्मिक ग्रंथ जलाने और आत्मदाह के प्रयास की इस संवेदनशील घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक के मानसिक स्वास्थ्य, उसके दावों की सच्चाई और घटना के पीछे के असल कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ेंः फतेहपुर गांव में गहराया जल संकट, पानी के लिए राजस्थान तक पैदल जा रहे ग्रामीण

Related to this topic: