प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दूल्हे समेत कई बारातियों को बंधक बनाया

दहेज और मेहर की रकम को लेकर शादी में बवाल, दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत

शादी समारोह दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान सदमे में आए दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई।

दहेज और मेहर की रकम को लेकर शादी में बवाल दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत

खटीमा (उत्तराखंड): ऊधम सिंह नगर के खटीमा में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान सदमे में आए दुल्हन के पिता को हार्ट अटैक आ गया, जिनकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लड़की पक्ष ने दूल्हे समेत कई बारातियों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। मामले में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

निकाह के दौरान दोनों पक्षों में विवाद

जानकारी के अनुसार रविवार को बरेली के बड़ा फरीदपुर से खटीमा के इस्लामनगर वार्ड नंबर-7 निवासी सादिक ठेकेदार की बेटी की बारात खुशबू मैरिज हॉल पहुंची थी। बारात के स्वागत तक माहौल सामान्य रहा, लेकिन निकाह के दौरान मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

दहेज की मांग बढ़ाने का आरोप

लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से लड़के पक्ष लगातार दहेज की मांग बढ़ाते रहे। पहले स्कूटी, फिर अपाचे बाइक, इसके बाद एक लाख रुपये की मांग की गई। वहीं, निकाह के समय लड़की पक्ष ने मेहर की रकम पांच लाख रुपये तय करने की बात कही, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपये पर अड़ा रहा। काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया।

हार्ट अटैक आने से दुल्हन के पिता की मौत

इसी दौरान तनाव और विवाद के बीच दुल्हन के पिता सादिक ठेकेदार की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूल्हे समेत कई बारातियों को बनाया बंधक

पिता की मौत की खबर मिलते ही लड़की पक्ष और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दूल्हे मोहम्मद आरिफ, उसके भाई मोहम्मद खालिद, बहनोई अता हुसैन समेत कई बारातियों को मैरिज हॉल में बंधक बना लिया और उनकी पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ने पर कई बाराती जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के बगल में बने मकान की छत से कूदकर भाग निकले। 

इलाके में तनाव के बाद सुरक्षा कड़ी की गई

घटना की सूचना मिलते ही खटीमा कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता की जा रही है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related to this topic: