प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

वाराणसी में साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश

वाराणसी में साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, फर्जी आधार से बैंक खाते खुलवाने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी पुलिस ने फर्जी आधार पते से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों तक बैंक किट पहुंचाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। महिला सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

वाराणसी में साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश फर्जी आधार से बैंक खाते खुलवाने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

Varanasi Cyber Fraud Gang Busted, Six Arrested for Fake Bank Accounts |

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिगरा थाना पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त कार्रवाई में महिला सरगना, बैंक किट की डिलीवरी में शामिल पोस्टमैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि यह गिरोह लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में फर्जी पता दर्ज कराता था और उसी के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनकी बैंक किट साइबर अपराधियों तक पहुंचाता था।

पांच हजार रुपये का लालच देकर बदलवाते थे आधार का पता

पुलिस के अनुसार गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पांच हजार रुपये का लालच देकर उनके आधार कार्ड में दर्ज स्थायी पते को बदलकर वाराणसी के सिगरा क्षेत्र का पता दर्ज कराता था। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के सहारे अलग-अलग बैंकों में खाते खोले जाते थे। 

पोस्टमैन की मदद से हासिल करते थे बैंक किट, साइबर ठगों तक पहुंचाते थे खाते

खाता खुलने के बाद बैंक से मिलने वाली चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड को पोस्टमैन की मदद से सीधे हासिल कर लिया जाता था। फिर बैंक किट और खाते से लिंक मोबाइल सिम को कुरियर के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों तक भेज दिया जाता था, जहां इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी के लिए किया जाता था।

गिरोह के खातों से जुड़े 21 साइबर फ्रॉड मामलों का खुलासा

डीसीपी क्राइम नीतू कादयान ने बताया कि जांच में अब तक इस गिरोह से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से 21 साइबर फ्रॉड मामलों का पता चला है। इन मामलों में बिहार, कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, महाराष्ट्र, असम और मणिपुर समेत कई राज्यों में करीब ₹76.44 लाख की ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

11 पासबुक, चेकबुक और फर्जी दस्तावेजों समेत छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में वाराणसी निवासी अनिल कुमार और शोभनाथ, सोनभद्र निवासी आरती कुमारी, मालती और उमंग कुमार तथा जौनपुर निवासी जितेंद्र कुमार कन्नौजिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 पासबुक, 7 चेकबुक, 3 डेबिट कार्ड, 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2 पैन कार्ड और 3 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।

साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें:   बांदा में ऑपरेशन ईगल के तहत कार्रवाई, 4.25 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

Related to this topic: