प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी: अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी राजू खान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट के मुख्य आरोपी राजू खान को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

वाराणसी अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी राजू खान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी |

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। उसके पास से अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।

झाड़ियों से निकलकर पुलिस पर चलाई गोली

पुलिस के अनुसार, सारनाथ पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सरायमोहना घाट के पास झाड़ियों में छिपे राजू खान ने अचानक बाहर निकलकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली उपनिरीक्षक अमरजीत कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट के किनारे को छूते हुए निकल गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें राजू खान घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पटाखे बनाने के दौरान मकान में विस्फोट

पुलिस के मुताबिक, राजू खान पैगंबरपुर स्थित एक मकान में पटाखे बनाने का काम कर रहा था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे पटाखे बनाने के दौरान मकान में विस्फोट हो गया था। इस घटना में आदिल (12), चांदनी (39) और अरबिया (10) घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट के बाद राजू खान और उसकी मां मुन्नी खान मकान के पिछले दरवाजे से फरार हो गए थे। आरोप है कि घटना को सिलेंडर ब्लास्ट बताने की कोशिश भी की गई थी।

पहले भी पटाखा बनाने के दौरान हुआ था हादसा

बताया जाता है कि राजू खान का परिवार पहले सरैया इलाके में रहता था। वहां भी पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट हुआ था, जिसमें उसके पिता मतीउल्लाह खान की मौत हो गई थी। ताजा घटना के बाद राजू खान फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, वह शहर से बाहर भागने की फिराक में था। फिलहाल घायल आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढें: कानपुर: ऑपरेशन के दौरान बड़ी लापरवाही, महिला के पेट में छोड़ा तौलिया, दोबारा सर्जरी में निकला बाहर

Related to this topic: