वाराणसी के नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में केशव प्रसाद मौर्य ने भारतीय वायुसेना के पराक्रम की सराहना की। राफेल, तेजस और सूर्य किरण टीम के प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना का यह शक्ति प्रदर्शन केवल देशवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए भारत की सामरिक शक्ति, अदम्य साहस, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का संदेश है। मौर्य ने कहा कि यह मोदी का भारत है जल, थल और वायु, तीनों में देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने में सक्षम है।

मोदी सरकार में मजबूत हो रहीं रक्षा क्षमताएं, युवाओं को मिली प्रेरणा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र काशी में गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना का यह भव्य आयोजन गौरव और गर्व का क्षण है। ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, साहस और देश की रक्षा के लिए समर्पण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की रक्षा क्षमताओं को निरंतर सशक्त किया जा रहा है। केंद्र सरकार की आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसी पहलों से रक्षा उत्पादन, स्वदेशी तकनीक और आधुनिक सैन्य उपकरणों के विकास को नई गति मिली है। भारतीय वायुसेना का पराक्रम देश की सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और राष्ट्र की बढ़ती सामरिक शक्ति का प्रतीक है।

यूपी डिफेंस कॉरिडोर से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार के अवसर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश भी रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा उपकरणों के निर्माण, निवेश, तकनीकी विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयास विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

राफेल, तेजस और सूर्य किरण के करतबों ने मोहा मन
एयर शो में भारतीय वायुसेना के राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और प्रचंड सहित विभिन्न विमानों ने अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम तथा सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के रोमांचक प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित