खरगोन निवासी वीर निहाले चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के संकल्प के साथ पैदल यात्रा कर रहे हैं। अब तक वह करीब 4 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर छह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं।
चंदौली: शनिवार को चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन का संकल्प लेकर मध्य प्रदेश के खरगोन जिले निवासी वीर निहाले पैदल यात्रा पर निकले हैं। विभिन्न राज्यों और प्रमुख धार्मिक स्थलों से होते हुए उनकी यात्रा अब झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय पहुंचने पर उन्होंने अपनी यात्रा और अनुभवों के बारे में जानकारी दी।
छह ज्योतिर्लिंगों के कर चुके हैं दर्शन
वीर निहाले ने बताया कि उन्होंने चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन पैदल पूरा करने का संकल्प लिया है। अब तक छह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं। वर्तमान में वह सातवें ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम, झारखंड के दर्शन के लिए जा रहे हैं। इसके बाद यात्रा के अगले पड़ाव की ओर रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 4 हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर चुके हैं। अभी लगभग 10 से 12 हजार किलोमीटर की यात्रा और करनी है। इस तरह उनकी पूरी यात्रा करीब 17 से 18 हजार किलोमीटर तक होने का अनुमान है।
वीर निहाले ने युवाओं को दिया संदेश
वीर निहाले ने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और अन्य राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरने का अवसर मिला। अयोध्या, गोरखपुर, मथुरा-वृंदावन, केदारनाथ, बद्रीनाथ, काशी विश्वनाथ सहित कई धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए वह आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, रहन-सहन और लोगों के जीवन को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि घर-गृहस्थी की जिम्मेदारियों के साथ समय निकालकर बाहर की दुनिया भी देखनी चाहिए। यात्रा से जीवन में नए अनुभव मिलते हैं और लोगों के रहन-सहन से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है।
ये भी पढ़ें- पवन खेड़ा ने UPI पर 0.4% MDR को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना