शिवपुरी के सिरसौद गांव में लगातार बिजली कटौती से नाराज़ ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की।
Villagers Protest Power Cuts, Hold Symbolic Funeral Procession for Energy Minister |
शिवपुरी,(मध्य प्रदेश)। जिले के खैराघाट विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र के सिरसौद गांव में लगातार हो रही बिजली कटौती और लोड शेडिंग से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने सुबह करीब 8 बजे ऊर्जा मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर बिजली व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
रामराजा मंदिर से शुरू हुई यह विरोध यात्रा
रामराजा मंदिर से शुरू हुई यह शवयात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई सिरसौद-पिछोर मार्ग तक पहुंची। यहां ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया और कुछ देर मौन धारण कर अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले किए गए चक्का जाम के दौरान अधिकारियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया था।
विरोध के बावजूद स्थिति मे कोई बदलाव नहीं
लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। उनका आरोप है कि अब भी रातभर बिजली कटौती की जा रही है, जिससे भीषण गर्मी और मच्छरों के बीच लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।
यह भी पढ़ेंः गुरु पूर्णिमा पर मां शारदा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन