झालावाड़ के 8 नगरीय निकायों में 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। प्रशासन ने पारदर्शी और निष्पक्ष मतगणना के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
झालावाड़: नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी नगरीय निकायों में सदस्य पद हेतु मतदान प्रक्रिया सम्पन्न होने के पश्चात अब मतगणना की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिले के सभी 8 नगरीय निकायों में मतगणना 14 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से निर्धारित मतगणना स्थलों पर शुरू होगी। जिला प्रशासन द्वारा मतगणना को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतगणना में पारदर्शिता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतगणना कार्य में निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। मतगणना स्थलों पर कार्मिकों के प्रवेश, मतगणना कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत, प्रकाश, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखते हुए मतगणना सम्पन्न कराई जाए।
स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा
मतदान के बाद सभी नगरीय निकायों की ईवीएम को संबंधित निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा स्ट्रांग रूम की व्यापक एवं चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के साथ-साथ मतगणना स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रोटोकॉल के अनुसार ही स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे तथा मतगणना कार्य सम्पन्न कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- नई दिल्ली घोषणा साझा दृष्टिकोण को दिशा देगी: पीएम मोदी