जिले के गोटेगांव में एक घर की दीवार ने रिश्तों का ही खून कर दिया, जिसकी चर्चा क्षेत्र में तेजी से फैल गई है।
नरसिंहपुर {मध्यप्रदेश}: जिले के गोटेगांव में एक घर की दीवार ने रिश्तों का ही खून कर दिया, जिसकी चर्चा क्षेत्र में तेजी से फैल गई है। जानकारी के अनुसार गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम देगुवा झांसीघाट में मृतक फूल सिंह मेहरा (62) अपने घर में मकान निर्माण का कार्य करा रहे थे।
चाचा-भतीजे में हुई कहासुनी
इसी दौरान फूल सिंह ने अपने भतीजे सोनू मेहरा से दीवार नहीं उठाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर सोनू ने अपने चाचा फूल सिंह के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया।
हादसा बताकर अस्पताल पहुंचाया
गंभीर रूप से घायल फूल सिंह को आरोपी पक्ष के सदस्य ही गोटेगांव के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों को बताया गया कि फूल सिंह छत से गिर गए हैं। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
जबलपुर में इलाज के दौरान फूल सिंह की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसी बीच गोटेगांव पुलिस को सूचना मिली कि देगुवा में एक व्यक्ति की हत्या हुई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान सामने आया कि फूल सिंह को उनके ही भतीजे सोनू झारिया ने विवाद के दौरान हथौड़ी मारकर घायल किया था।
कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी पक्ष द्वारा घायल को अस्पताल ले जाने की बात भी स्पष्ट हुई। इसके बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े: आदेश नहीं मानने पर जेल की धमकी