सुगौली थाना क्षेत्र के चर्चित डकैती कांड में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी अपराधी अनवर अंसारी को STF और सुगौली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
मोतिहारी (बिहार)। सुगौली थाना क्षेत्र के चर्चित डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी अपराधी अनवर अंसारी को एसटीएफ और सुगौली पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र स्थित खरदेव गांव का निवासी है।
डकैती मामले का नामजद अभियुक्त था अनवर अंसारी
पुलिस के अनुसार, अनवर अंसारी सुगौली थाना कांड संख्या 340/24 में दर्ज डकैती मामले का नामजद अभियुक्त था और काफी समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि आरोपी के खिलाफ डकैती, लूट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस का अभियान लगातार जारी
थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है और फरार व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: माउंट आबू में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सख्ती, 15 होटलों को नोटिस जारी