चंदौली में अलीनगर पुलिस ने 25 हजार के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार था।
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। जनपद चंदौली की अलीनगर पुलिस को अवैध मादक पदार्थ एवं नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे अंडरपास के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से अभियुक्त दयाशंकर पुत्र स्व. जनक सिंह, निवासी ग्राम जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद (उम्र लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
चार बोरियों में मिली 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चार बोरियों में रखी 800-800 सीसी की शीशियों में कुल 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध पहले से दर्ज मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
720 लीटर कोडीन कफ सिरप बरामदगी से जुड़ा है मामला
गौरतलब है कि थाना अलीनगर पुलिस ने इससे पहले रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध लावारिस ट्रक की तलाशी के दौरान मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों में 7,200 शीशियां (720 लीटर) अवैध कोडीन एवं एस्कफ कफ सिरप बरामद किया था। इस मामले में थाना अलीनगर पर एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दयाशंकर का नाम सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह ट्रक संख्या UP74T4726 का चालक है। ट्रक में वाराणसी से गुवाहाटी भेजे जा रहे मुर्गी दाने की बोरियों के बीच प्रयागराज में अवैध कोडीन कफ सिरप छिपाकर लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाना था। ट्रांसपोर्टर द्वारा ट्रक रुकवाने के बाद उसने अपने साथियों के साथ कुछ अवैध माल निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। बुधवार को वह उसी छिपाए गए माल को लेने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।
यह भी पढ़ेंः सिंगरौली जिला न्यायालय में हंगामा, नाबालिग युवक-युवती को पुलिस ने लिया हिरासत में