महाराष्ट्र के वर्धा में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ट्रक और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
महाराष्ट्र: वर्धा में सोमवार को पुलगांव पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में विरुळ इंटरचेंज के पास समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना तब हुई जब एक आइशर ट्रक ने पीछे से एक कार को टक्कर मार दी। कार में सवार चार लोगों, जिनमें ड्राइवर भी शामिल था, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आइशर ट्रक के ड्राइवर ने भी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने एक अन्य घटना का किया जिक्र
हाईवे पुलिस और पुलगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य करने के प्रयास करते हुए बचाव अभियान शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। एक अलग घटना में अधिकारियों ने बताया कि 11 जुलाई को मुंबई के अंधेरी पश्चिम में बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की एक बस कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई, जिससे कम से कम दो लोग घायल हो गए।
आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात को किया सुचारू
यह हादसा शाम करीब 6:10 बजे अंबोली के पास एसवी रोड पर हुआ। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, बीईएसटी बस (रूट नंबर 242) तिलक नगर से अंधेरी बस स्टेशन जा रही थी, तभी चालक की ब्रेक फेल हो गई। बस चार कारों, एक ऑटो-रिक्शा और एक टेम्पो से टकरा गई, जिससे सड़क पर वाहनों का ढेर लग गया। घटना के बाद मुंबई अग्निशमन विभाग (एमएफबी) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारू किया।
इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। एक पीड़ित, जिसकी पहचान 33 वर्षीय संतालाल यादव के रूप में हुई है, का कूपर अस्पताल में ओपीडी के तहत इलाज किया गया, जबकि दूसरी पीड़ित, 33 वर्षीय साक्षी का मिल्लत अस्पताल में इलाज किया गया। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
(एएनआई)
ये भी पढे़ं- राम मंदिर चंदा चोरी मामला: आरोपी तिन्नू यादव से पूछताछ के बाद पुलिस ने की बड़ी बरामदगी