प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

गर्ल्स हॉस्टल बाथरूम में कैमरा, वार्डन पर FIR

गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा मिलने का आरोप, छात्राओं की प्राइवेसी से खिलवाड़; वार्डन पर FIR

गोरखपुर से महिला सुरक्षा और छात्राओं की निजता को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल कैमरा ऑन करके रखे जाने का आरोप लगा है।

गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में कैमरा मिलने का आरोप छात्राओं की प्राइवेसी से खिलवाड़ वार्डन पर fir

Camera Found in Girls Hostel Bathroom, Warden Booked in FIR |

गोरखपुर {उत्तर प्रदेश}: गोरखपुर से महिला सुरक्षा और छात्राओं की निजता को लेकर बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल कैमरा ऑन करके रखे जाने का आरोप लगा है। बाथरूम में कैमरा देखकर छात्रा के होश उड़ गए। मोबाइल की जांच में कई छात्राओं के वीडियो मिलने का भी दावा किया गया है। मामला सामने आने के बाद हॉस्टल में हंगामा मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। अब इस मामले में कैंट पुलिस ने हॉस्टल की वार्डन आरती सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम में छिपा मिला मोबाइल

मोहद्दीपुर स्थित उत्तम गर्ल्स हॉस्टल में करीब 20 कमरों में 26 छात्राएं रहती हैं। इनमें शहर के विभिन्न कॉलेजों में पढ़ने वाली और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राएं शामिल हैं। 8 सितंबर की रात एक छात्रा बाथरूम गई। इसी दौरान उसकी नजर टीन शेड में छिपे एक एंड्रॉयड मोबाइल पर पड़ी। मोबाइल का कैमरा ऑन था और उसका रुख टॉयलेट की तरफ था। छात्रा ने मोबाइल देखकर तुरंत वीडियो बनाया और हॉस्टल की अन्य छात्राओं को इसकी जानकारी दी।

मोबाइल में वीडियो मिलने का दावा

छात्राओं ने जब मोबाइल चेक किया तो उसमें बाथरूम में छात्राओं के वीडियो मिलने का आरोप सामने आया। इसके बाद हॉस्टल में हंगामा शुरू हो गया। छात्राओं ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। रात करीब 12 बजे पीआरवी और कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।

वार्डन ने दी रिकॉर्डिंग की अलग वजह

पूछताछ में वार्डन ने पुलिस को बताया कि हॉस्टल की छात्राएं सैनिटरी पैड इधर-उधर फेंक देती थीं। इसी का पता लगाने के लिए मोबाइल को रिकॉर्डिंग मोड में बाथरूम में रखा गया था। वार्डन ने किसी गलत मंशा से रिकॉर्डिंग करने से इनकार किया। लेकिन छात्राओं की शिकायत में बाथरूम में मोबाइल कैमरा लगाकर उनकी निजता भंग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

वार्डन के खिलाफ FIR, डिजिटल साक्ष्यों की जांच

एसपी सिटी निमिष पाटील के मुताबिक, छात्राओं की तहरीर के आधार पर वार्डन आरती सिंह के खिलाफ कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शिकायत में छात्राओं के नहाने और फ्रेश होने के दौरान मोबाइल कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया गया है। अब पुलिस मोबाइल और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस मामले ने गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच से सामने आएगी पूरी सच्चाई

सवाल सिर्फ एक मोबाइल कैमरे का नहीं, बल्कि उन छात्राओं की निजता और सुरक्षा का है, जिन्होंने भरोसे के साथ हॉस्टल को अपना सुरक्षित ठिकाना समझा था। अब पुलिस की जांच से साफ होगा कि रिकॉर्डिंग कितने समय से हो रही थी, कितनी छात्राओं के वीडियो बनाए गए और इन वीडियो का कहीं इस्तेमाल या प्रसारण तो नहीं किया गया।

यह भी पढ़: फतेहपुर में 2 साल से मोबाइल टावर बंद, ग्रामीणों ने कर्मचारी को बनाया बंधक; वीडियो वायरल

Related to this topic: