गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के पेंड्रा क्षेत्र के आमाडांड और बसंतपुर गांवों में उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल से...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के पेंड्रा क्षेत्र के आमाडांड और बसंतपुर गांवों में उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल से भटककर एक सफेद भालू आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। मंगलवार सुबह भालू को गांव के मुख्य चौक और बस स्टैंड के आसपास घूमते हुए देखा गया।
इसी दौरान आमाडांड क्षेत्र में स्कूल के सामने रहने वाले कैलाश कुमार कासीपुरी पर भालू ने हमला कर दिया, जब वे सुबह शौच के लिए बाहर निकले थे। हमले में उनके बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा भालू ने कुछ अन्य ग्रामीणों को भी दौड़ा लिया, जिससे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घायल कैलाश को तुरंत पेंड्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इधर, दुर्लभ सफेद भालू को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई। वन विभाग की टीम लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/constable-attacks-head-constable-with-axe-in-rewa/203969