मुरैना के बलालपुर गांव में घूरे पर गोबर डालने के विवाद के बाद महिला से मारपीट का मामला सामने आया है।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। जिले के बलालपुर गांव में घूरे पर गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक महिला को घर से घसीटकर बाहर लाया गया, पेड़ से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोबर डालने से हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सीमा पत्नी मुकेश कुशवाह अपने घर के पास बने घूरे पर गोबर डालने गई थीं। इसी दौरान महादेवी ने जमीन को अपना बताते हुए वहां गोबर डालने का विरोध किया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
घर में घुसकर मारपीट का लगाया आरोप
पीड़िता का आरोप है, कि महादेवी ने अपने पति राजेंद्र, बेटे कमल सिंह, बहू नीतू कुशवाह तथा एक अन्य महिला के साथ मिलकर उसके घर में घुसकर मारपीट की। इसके बाद उसे घसीटते हुए बाहर लाया गया, पेड़ से हाथ बांध दिए गए और डंडों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के बेटे के साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया।
आरोपी और पीड़िता आपस में देवरानी-जेठानी
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी और पीड़िता आपस में देवरानी-जेठानी के रिश्ते में हैं।
यह भी पढ़ें: बैतूल में NSUI का प्रदर्शन, अमित शाह का पुतला फूंका; पुलिस से हुई झड़प