इटावा के बलरई रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
इटावा (उत्तर प्रदेश)। बलरई रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ब्रह्माणी देवी मंदिर दर्शन के लिए आई महिला श्रद्धालु की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
फिरोजाबाद से दर्शन के लिए आई थी महिला, ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महिला श्रद्धालु फिरोजाबाद से टूंडला-कानपुर पैसेंजर (64588) ट्रेन से बलरई रेलवे स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन यार्ड में स्थित डीएफसी रेलवे ट्रैक पार करते समय वह तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस के माध्यम से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
रेलवे ट्रैक पार न करने की अपील, श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने को कहा
ब्रह्माणी देवी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन और रेलवे ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करने का जोखिम न उठाएं। श्रद्धालु केवल फुटओवर ब्रिज अथवा अधिकृत मार्ग का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके। यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक पार करने की लापरवाही के गंभीर परिणामों की याद दिलाता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ेंः डिंडोरी में सर्पदंश से 11 वर्षीय प्रियंका की मौत, गांव में पसरा मातम