रायबरेली के लालगंज में जर्जर मकान का छज्जा गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसा बेटे को भोजन के लिए बुलाने के दौरान हुआ।
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नगर के अंबेडकर मार्ग पर बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पुराने मकान का जर्जर छज्जा अचानक ढह जाने से दूसरी मंजिल से गिरकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब महिला नीचे खड़े अपने बेटे को भोजन के लिए आवाज दे रही थी। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
बेटे को आवाज देते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर मार्ग निवासी दयाशंकर सोनी की 45 वर्षीय पत्नी सुमन देवी बुधवार रात करीब 10 बजे मकान की दूसरी मंजिल पर गई थीं। वह नीचे सड़क पर खड़े अपने पुत्र शिवांशु सोनी को रात के भोजन के लिए आवाज दे रही थीं। इसी दौरान जर्जर हो चुका छज्जा भरभराकर ढह गया। सुमन देवी छज्जे के मलबे के साथ सीधे नीचे सड़क पर आ गिरीं।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
भारी आवाज और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़े। लहूलुहान हालत में महिला को तत्काल लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां तैनात डॉ. अमल पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात सुमन देवी ने दम तोड़ दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुमन देवी का अपना निवास इस जर्जर मकान के ठीक पीछे की तरफ सुरक्षित हिस्से में था। लेकिन नियति उन्हें आगे खींच लाई। वह सिर्फ अपने बेटे को बुलाने के लिए आगे वाले जर्जर हिस्से के छज्जे पर आई थीं और वही छज्जा उनकी मौत का कारण बन गया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
जर्जर भवनों को लेकर चर्चाएं तेज
घटना के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, इस हादसे ने नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त मकान काफी पुराना और बेहद जर्जर हालत में था। इस दर्दनाक हादसे के बाद नगर में स्थित अन्य पुराने और खतरनाक हो चुके जर्जर मकानों की सुरक्षा व उन्हें ढहाने की मांग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह भी पढ़ें: डूंगरपुर में शिक्षक तबादले पर बवाल, छात्रों और ग्रामीणों ने स्कूल में की तालाबंदी