अमेठी में भाई के निधन की सूचना मिलने पर मायके जा रही 55 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश: अमेठी में भाई के निधन की सूचना मिलने पर मायके जा रही 55 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। भाई की मौत के बाद बहन की भी असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भाई की मौत की खबर सुन मायके जा रही थीं महिला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रामनाथपुर बड़ा मजरे महमूदपुर निवासी निर्मला देवी (55), पत्नी शिवसागर मिश्र, अपने भाई की मौत की सूचना मिलने पर मायके पूरे दुरई मजरे टीकरमाफी जा रही थीं। वह अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार थीं।
बाइक के पिछले पहिए में फंसी साड़ी
बताया जा रहा है कि अमेठी क्षेत्र के गुंगवाछ गांव के पास अचानक निर्मला देवी की साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। दुर्घटना में निर्मला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अमेठी पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक ही परिवार में दो मौतों से शोक
एक ही परिवार में भाई और बहन की मौत से मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: खेत पर फसल देखने गए किसान की करंट से मौत, परिजनों में मचा कोहराम