नालंदा में VVIP कार्यक्रम स्थल के पास महिला की गोली मारकर हत्या। संपत्ति विवाद को लेकर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
नालंदा (बिहार)। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बिगहा मोड़ के पास एक 45 वर्षीय महिला की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम स्थल से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई है। इससे इलाके की सुरक्षा-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान गिरियक थाना क्षेत्र के कोयरी बीघा निवासी मुद्रिका प्रसाद की पत्नी लाक्षों देवी के रूप में हुई है। वह कई सालों से राणा बिगहा स्थित अपने मायके में रहकर अपनी मां की देखभाल कर रही थीं।
खेत में भिंडी तोड़ने गई थीं लाक्षों देवी
घटना के बारे में मृतका के पति मुद्रिका प्रसाद ने बताया कि लाक्षों देवी सुबह खेत में भिंडी तोड़ने के लिए घर से निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटीं, तो उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दोपहर बाद अचानक यह खबर मिली कि खेत में उनका शव पड़ा हुआ है।
पति ने संपत्ति विवाद को बताया हत्या की वजह
पति मुद्रिका प्रसाद ने बताया कि मायके की संपत्ति को लेकर पिछले छह महीने से साढ़ू से विवाद चल रहा था। उन्हें पूरा संदेह है कि इसी रंजिश के चलते उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या की गई है। वही दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: जमुई में नहर निकासी विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक ही परिवार के तीन लोग घायल