बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र में दो महिलाओं ने एक युवक पर दुष्कर्म के प्रयास, उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
Women Accuse Relative of Attempted Assault and Threats, Seek Police Action in Banda |
बांदा,(उत्तर प्रदेश)। जनपद के अतर्रा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपते हुए एक युवक पर दुष्कर्म के प्रयास, लगातार उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं ने पुलिस से मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी अभी फरार चल रहा है
शिकायत के अनुसार, अतर्रा थाना क्षेत्र की एक महिला मंगलवार को भीषण गर्मी के कारण घर के पास स्थित मंदिर में आराम कर रही थीं। आरोप है, कि इसी दौरान उनके देवर रामेश्वर सिंह वहां पहुंच गए और उनके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है, कि जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें पैसे का लालच देकर चुप कराने की कोशिश की। लेकिन जब महिला ने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है, कि यह पहली घटना नहीं है।
पीड़िता की देवरानी के साथ भी छेरछार का आरोप
पीड़िता का कहना है, कि आरोपी पहले भी उसकी देवरानी के साथ अशोभनीय हरकत कर चुका है, लेकिन हर बार मामला थाने में समझौते के नाम पर दबा दिया गया और कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण आरोपी के हौसले लगातार बढ़ते गए। महिलाओं ने आरोप लगाया, कि जब वे न्याय की गुहार लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों के पास जा रही थीं, तभी रास्ते में आरोपी की पत्नी कुसुम तथा उसके पुत्र लकी, विक्की और कृष्णा ने उन्हें रोक लिया।
शिकायत वापस लेने का बना रहा दबाव
पीड़िताओं के अनुसार, सभी ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपी रामेश्वर सिंह और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास,धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः राजगढ़ में यूपी-एमपी पुलिस पर पथराव, 3 जवान घायल, 6 आरोपी गिरफ्तार