बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी के विरोध में उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ता विद्युत वितरण केंद्र पहुंचकर कार्यालय का घेराव किया।
मंदसौर (मध्य प्रदेश) : मंदसौर में मप्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आम नागरिकों के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हुई है। बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी के विरोध में उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता शहर के विद्युत वितरण केंद्र पहुंचे और घेराव किया। साथ ही विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए बढ़े हुए बिजली बिल वापस लेने की मांग की।
अधिकारियों ने मीटर चेक कराने का दिया आश्वासन
शहर के स्टेडियम मार्केट स्थित विद्युत विभाग कार्यालय के घेराव के बाद उपस्थित विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्मार्ट मीटरो की जांच करने, पुराने मीटर के साथ चेक करने की सहमति देते हुए जांच अवधि के दौरान किसी भी उपभोक्ता का विद्युत कनेक्शन नहीं काटने की बात कही।
स्मार्ट मीटर की जांच होने तक बिजली बिल भरने की मिली छूट
साथ ही स्मार्ट मीटरों की जांच पूरी होने तक बिजली बिल भरने की भी छूट दी गई है। उपभोक्ताओ के अनुसार जब से उनके घर पर स्मार्ट मीटर लगा है, तब से मंहगाई का करंट उनकी जेब पर लग रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां एक माह का बिजली बिल 200 से 500 रुपये तक आता था, वहीं बिजली बिल अब बढ़कर 5000 रुपये तक पहुंच गया है।
प्रदर्शन में शामिल हुईं महिलाएं
बिजली बिल में बढ़ोतरी के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रदर्शन में महिलाओं का गुस्सा अधिक नजर आया। महिलाओं ने यहां तक कहा कि समय रहते समस्या का हल नहीं होता है, तो जल्द ही महिलाएं अपने घरो से स्मार्ट मीटर निकालकर उनकी होली जलाएगी।