वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़री थाना क्षेत्र के कपसौर गांव पुल के पास गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर लौट रही XUV आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई।
मिर्जापुर {उत्तर प्रदेश}: वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़री थाना क्षेत्र के कपसौर गांव पुल के पास गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर लौट रही XUV आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
ट्रक से टकराई अनियंत्रित XUV
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के किटवारिया निवासी अखिल तिवारी अपने साथियों शाहिल खान, कृष्ण मुरारी और सुधांशु के साथ बुधवार शाम वाराणसी गए थे। गुरुवार सुबह लौटते समय कपसौर गांव के पास उनकी XUV अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। अखिल खुद गाड़ी चला रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक की मौत, साथी रेफर
हादसे की सूचना पर डायल 112 की पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया। डॉक्टरों ने अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल खान को मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
दो भाइयों में छोटे थे अखिल
अखिल तिवारी अविवाहित थे और ठेकेदारी का काम करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई का नाम आनंद तिवारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल करा दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: डिंडोरी-जबलपुर हाईवे पर कार से टकराई बाइक, युवक गंभीर