प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

संतकबीरनगर में सीएम योगी ने 684 करोड़ की...

संतकबीरनगर में सीएम योगी ने 684 करोड़ की 201 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत कबीरनगर में 684 करोड़ की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर करारा प्रहार किया।

संतकबीरनगर में सीएम योगी ने 684 करोड़ की 201 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Yogi Adityanath Inaugurates Development Projects in Sant Kabir Nagar |

संत कबीरनगर (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संत कबीरनगर में खलीलाबाद व मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र की 684 करोड़ से अधिक लागत की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सीएम ने आमजन को आश्वस्त किया कि, "आप डबल इंजन सरकार को आशीर्वाद दीजिए, विकास कार्यों में कमी नहीं होगी।" इसके बाद उन्होंने बेबाकी से संत कबीर के प्रति दो पक्षों की धारणा रखी। कहा कि निर्गुण धारा के संत कबीर ने जितना मुस्लिम कट्टरपंथ के खिलाफ कहा, उतना ही हिंदु कट्टरपंथ के खिलाफ भी कहा, लेकिन हिंदुओं ने उन्हें पूजा जबकि मुसलमान उन्हें दूर से भी नहीं छूना चाहते। 

संत कबीर दास की वाणी कर रही समाज का मार्गदर्शन

सीएम योगी ने कहा कि यह जनपद संत कबीर के नाम पर है। उन्होंने जाति-पाति फैलाने वालों पर कड़ा प्रहार करते हुए समाज को बांटने वालों से सावधान किया था। यही कारण है कि सैकड़ों वर्ष बाद उनकी वाणी आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही हैं। संत कबीर दास पाखंड के खिलाफ लड़ने के लिए मगहर आए थे। लोगों में मान्यता थी कि मगहर में मरने पर नर्क मिलता है, लेकिन उन्होंने कहा कि स्वर्ग और नर्क कर्मों पर निर्भर करता है। अच्छे कर्म, लोककल्याण, सदाचार, कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले को कहीं भी स्वर्ग प्राप्त हो सकता है। उन्होंने साबित किया कि यह भी स्वर्ग पाने की भूमि है। 

आंकड़ों के साथ बताई देश में आई प्रगति

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी व अखिलेश यादव को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पता नहीं ये लोग पढ़े-लिखे भी हैं या नहीं। इनकी हास्यास्पद बातें ही इन्हें कठघरे में खड़ा करती हैं। आंकड़े खुद देश में विकास व बदलाव की कहानी बताते हैं। 2014 के पहले देश में 16 आईआईटी थे, आज 23  हैं (44 प्रतिशत बढ़ोतरी)।  आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई (69 फीसदी की बढ़ोतरी)। 2014 के पहले प्रधानमंत्री कौशल विकास जैसी व्यवस्था अस्तित्व में ही नहीं थी। आज देश भर में 600 केंद्र संचालित हैं। राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन के माध्यम से अनवरत नेटवर्क को बढ़ाने का काम हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा, "2014 से पहले 7 एम्स थे,  आज 23 हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 431 से बढ़कर 818 हो गई (93 फीसदी की वृद्धि), एमबीबीएस की सीटें 51,348 से बढ़कर 1,28,926 हो गईं (151 प्रतिशत की वृद्धि)। मेडिकल कॉलेज की पीजी सीटें 2014 से पहले 31,185 थीं, आज 85,822 हैं यानी 175 फीसदी की वृद्धि। 1947 से 2014 तक देश में 47.15 करोड़ रोजगार का सृजन हुआ। मोदी सरकार में 17.18 करोड़ की वृद्धि के साथ यह आंकड़ा 64.33 करोड़ तक पहुंचा है। 2014 से पहले 500 से भी कम स्टार्टअप थे, अब 2.23 लाख से अधिक हैं। देश में स्टार्टअप का नया ईको सिस्टम तैयार हुआ है। 2014 तक देश में चार यूनिकॉर्न थे, आज इनकी संख्या 125 हुई है।"

बदलते यूपी की कहानी कह रहा बदलता संतकबीरनगर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने मगहर में संत कबीर एकेडमी का निर्माण, सौंदर्यीकरण किया है। संत कबीर से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर शोध बढ़ाए गए। बदलता संतकबीरनगर बदलते उत्तर प्रदेश की कहानी कह रहा है। विकास के कार्यों से आमजन के जीवन में परिवर्तन लाना और क्षेत्र, विकास खंड, विधानसभा क्षेत्र और जनपद का विकास कराना हमारे जनप्रतिनिधियों का भाव है। हम आमजन के जीवन में प्रगति लाते हुए समृद्धि के नए सोपान को छूते हुए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के सारथी बनेंगे, जिससे 2047 के पहले देश विकसित व आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को साकार कर सके।

अब लखनऊ से ही देख लेता हूं यहां की सुरक्षा

सीएम ने 2017 से पहले के बिगड़े माहौल पर चर्चा करते हुए कहा कि त्योहारों के समय कभी खलीलाबाद, मेंहदावल, धनघटा में दुर्गापूजा पंडाल, मूर्ति विसर्जन, रामनवमी की शोभायात्रा को बढाने के लिए आना पड़ता था, लेकिन अब लखनऊ से ही देखता हूं कि पंडाल व मूर्ति सुरक्षित है। अब बेटी-व्यापारी को गुंडा परेशान नहीं कर सकता, क्योंकि उसे पता है कि वह जेल जाएगा या जहन्नुम। पैसा पहले भी था, लेकिन वह संत कबीर एकेडमी के लिए नहीं, बल्कि कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था। 

जल्द होगा बैजूनाथ मंदिर का विकास

सीएम ने कहा कि हमारी देवाधिदेव के प्रति आस्था है। हम विरासत का सम्मान करते हैं, इसलिए तामेश्वर नाथ कॉरिडोर की बात हो रही है। प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के साथ ही हम उन्हें बसाने की भी व्यवस्था करेंगे। उनका सहयोग मिला तो भावी पीढ़ी के लिए उत्तम धाम का निर्माण होगा। हमने धर्मार्थ कार्य विभाग से कहा कि जल्दी से प्रस्ताव मंगाकर क्षतिग्रस्त हुए बैजूनाथ धाम मंदिर के लिए कार्य कराएं। यह कार्य आपकी आस्था को सम्मान कराने वाली सरकार ही करा पाएगी। जिनके मन में सम्मान का भाव नहीं है, वे छात्रवृत्ति हड़पने के साथ ही विकास कार्यों, नौजवान की नौकरी में लूट और किसानों की योजनाओं में भ्रष्टाचार करते थे। 

लैंडबैंक तैयार होते ही संत कबीरनगर में बनेगा विकास प्राधिकरण

सीएम ने कहा कि 9 वर्ष में संत कबीरनगर में 95000 परिवारों को आवास मिला। साढ़े तीन लाख गरीबों के घर में शौचालय बने। 3 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिली। वृद्धावस्था, दिव्यांगजन, निराश्रित महिला पेंशन का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में 1.10 करोड़ परिवारों को सुविधा मिल रही है। सड़कें, बाईपास, बस स्टेशन, बहराइच से बांसी होते हुए खलीलाबाद तक बनने वाली रेल लाइन, ये सब विकास के आधार हैं। इससे बेहतर कनेक्टिविटी होगी। जैसे ही लैंडबैंक तैयार होगा, वैसे ही संत कबीरनगर में विकास प्राधिकरण का गठन होगा।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से किया संवाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने महापुरुषों के वेश में सजे बच्चों से संवाद किया। उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और हौसलाअफजाई करते हुए चॉकलेट भी दी। मिशन शक्ति, कृषि, महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली।  

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी हुए सम्मानित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर पहुंचने से पहले स्टॉल का अवलोकन कर विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति के बारे में भी जाना। उन्होंने यहां बच्चों से संवाद साधा और उनकी हौसलाअफजाई की। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र, लैपटॉप आदि प्रदान किया। विभिन्न योजना के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित किया गया। उन्होंने लाभार्थियों को चेक, चाबी, प्रमाण पत्र आदि प्रदान किया। सीएम योगी के हाथों इन्हें मिला सम्मान:

  • चंदन कुमार- मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान- 3 लाख का चेक 
  • कमलाकांत- मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत- लैपटॉप
  • सर्वेश कुमार- कृषि यंत्र- पांच लाख का चेक  
  • वसुंधरा- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 7.18 करोड़ से अधिक का चेक 
  • इंगलावती- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 1.05 करोड़ से अधिक का चेक (352 स्वयं सहायता समूह)

यह भी पढ़ें: मेरठ की नन्ही बहनों ने हरिद्वार से उठाई कांवड़, माता-पिता की लंबी उम्र के लिए किया जलाभिषेक

Related to this topic: