डूंगरपुर के बिछीवाड़ा क्षेत्र में निजी स्कूल बस की टक्कर से 6 वर्षीय बालिका मल्लिका की मौके पर ही मौत हो गई।
डूंगरपुर (राजस्थान)। बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के ओड़ा बड़ा गांव में सड़क किनारे खड़ी 6 वर्षीय बालिका को निजी वरदान स्कूल की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को डिटेन कर शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
तेज गति से आई स्कूल बस ने मारी टक्कर
कनबा चौकी प्रभारी संतोष कुमार के अनुसार मृतका मल्लिका पुत्री मुकेश खराड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज गति से आई स्कूल बस ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतका के परिजनों और वरदान स्कूल प्रबंधन के बीच समझाइश एवं सहमति के प्रयास जारी हैं। घटना के करीब 20 घंटे बाद भी दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी है। पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नरसिंहपुर में 8 महीने पहले सराफा दुकान में चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल