प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पढ़ाई से पेंशन तक AI का सहारा

पढ़ाई से पेंशन तक AI का सहारा, योगी सरकार ने समाज कल्याण को दिया स्मार्ट टच

उत्तर प्रदेश में समाज कल्याण योजनाओं को AI से जोड़ने की तैयारी है। स्मार्ट क्लास से लेकर पेंशन, छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र सत्यापन तक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

पढ़ाई से पेंशन तक ai का सहारा योगी सरकार ने समाज कल्याण को दिया स्मार्ट टच

Yogi Govt Brings AI to Social Welfare, From Schools to Pensions |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में समाज कल्याण योजनाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की तैयारी है। योगी सरकार ने इसकी शुरुआत जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और AI आधारित लैंग्वेज लर्निंग से की है। अब वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं में भी AI के इस्तेमाल की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रमाण पत्र सत्यापन, डेटा विश्लेषण और योजनाओं की निगरानी को अधिक तेज, सरल और प्रभावी बनाना है।

सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षा को बढ़ावा

समाज कल्याण विभाग ने AI आधारित तकनीकों की शुरुआत जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों से की है। स्मार्ट क्लास, डिजिटल सामग्री, 3डी वीडियो और AI आधारित लैंग्वेज लर्निंग लैब के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। एडोब एजुकेशन इंडिया पहल के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को एडोब डिजिटल अकादमी के माध्यम से डिजिटल क्रिएटिविटी और AI कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थी डिजिटल स्टोरीटेलिंग, रचनात्मक समस्या-समाधान और AI-सहायित कंटेंट निर्माण जैसे भविष्य के उपयोगी कौशल सीख रहे हैं।

पेंशन में AI से प्रमाण पत्र सत्यापन

वृद्धावस्था पेंशन और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में AI आधारित प्रमाण पत्र सत्यापन के इस्तेमाल का प्रस्ताव है। इससे प्रमाण पत्रों की जांच प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने में मदद मिलेगी। तकनीक आधारित सत्यापन से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

छात्रवृत्ति की निगरानी होगी मजबूत

छात्रवृत्ति योजना में आवेदन और लाभ वितरण से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण के लिए भी AI के इस्तेमाल की तैयारी है। डेटा विश्लेषण के जरिए योजना की मॉनिटरिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का बेहतर आकलन और आवश्यक सुधार संभव होगा।

छात्रावासों में भी AI प्रशिक्षण की तैयारी

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं संचालित करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि AI के उपयोग से योजनाओं की मॉनिटरिंग, डेटा विश्लेषण और प्रमाण पत्रों के सत्यापन में कार्यकुशलता बढ़ाने में मदद मिलेगी। राजकीय छात्रावासों में विद्यार्थियों को AI और पाठ्यक्रम आधारित प्रशिक्षण देने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:   सहारनपुर में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, महिला समेत 3 गिरफ्तार 1.20 करोड़ की स्मैक बरामद

Related to this topic: