उत्तर प्रदेश में बारिश के दौरान जलभराव से राहत के लिए योगी सरकार ने नगरीय निकायों को अलर्ट रहने को कहा है। मंत्री एके शर्मा ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Yogi govt strict on waterlogging, directs urban bodies to stay on high alert (File Photo) |
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए योगी सरकार ने नगरीय निकायों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग और संवेदनशील इलाकों में पहले से आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वाराणसी सहित प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र को चिन्हित कर नालों, सीवर लाइनों और पम्पिंग स्टेशनों की स्थिति की पहले से समीक्षा की जाए।
शासन के स्तर पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध
नगर विकास मंत्री ने स्पष्ट किया कि शासन की ओर से अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ऐसे में कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जनहित के कार्यों में जिम्मेदारी से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की चेतावनी
ए.के. शर्मा ने कहा कि वाराणसी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में जल निकासी, सीवर और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है, और इसके स्थायी निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में हुई कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संदेश है कि जनहित के कार्यों में जिम्मेदारी से समझौता करने वालों के खिलाफ शासन सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को सुरक्षित और जलभराव मुक्त वातावरण प्रदान करना है।
यह भी पढ़ें: अक्टूबर में RBI बढ़ा सकता है ब्याज दरें, बढ़ोतरी का चक्र हल्का रहने की संभावना: रिपोर्ट