प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान

PRD जवानों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, दैनिक भत्ता बढ़ाकर हुआ ₹600, मिलेगा ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज

गोरखपुर में सीएम योगी ने PRD जवानों का ड्यूटी भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 किया। जवानों व परिवार को हर साल ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी।

prd जवानों को सीएम योगी की बड़ी सौगात दैनिक भत्ता बढ़ाकर हुआ ₹600 मिलेगा ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज

Yogi Raises PRD Duty Allowance to ₹600 |

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (PRD) जवानों की बड़ी सौगात दी। इन जवानों को सपरिवार प्रतिवर्ष ₹5 लाख मुफ्त इलाज की सुविधा के साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके दैनिक ड्यूटी भत्ता में वृद्धि करने की घोषणा की। अपने कार्यकाल में इससे पहले तीन बार ड्यूटी भत्ता बढ़ा चुके मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में चौथी बार वृद्धि का ऐलान करते हुए कहा कि अब PRD जवानों को ₹500 की जगह प्रतिदिन ₹600 ड्यूटी भत्ता दिया जाएगा।

कैशलेस चिकित्सा योजना की सीएम योगी ने की शुरुआत

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मंगलवार को आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में सीएम योगी ने PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड का वितरण और 'मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया। इसके साथ ही रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब ₹23 करोड़ की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास भी किया।

2019 से लगातार बढ़ा PRD जवानों का भत्ता

इस अवसर पर उन्होंने PRD जवानों के लिए नई घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1948 में गठित PRD के स्वयंसेवकों को 2019 तक ₹250 दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था। 2019 में उन्होंने इसे बढ़ाकर ₹375 और 2022 में बढ़ाकर ₹395 किया था। 2025 में भत्ता वृद्धि फिर से की और बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, 'अब PRD स्वयंसेवकों का भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन करने जा रहे हैं।' उन्होंने कहा PRD जवानों के लिए 75 वर्ष के दौरान भत्ता राशि ₹250 तक ही थी जबकि विगत 8 वर्ष में ही यह ₹250 से बढ़कर ₹600 होने जा रहा है। यह वृद्धि सौ प्रतिशत से भी अधिक है।

कानून-व्यवस्था से लेकर आपदा तक PRD की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहयोग में PRD के स्वयंसेवक अपनी भूमिका समर्पण भाव से निभाते हैं। इसके बावजूद 2017 के पहले तक उन्हें ड्यूटी नहीं मिलती थी। जबकि आज उनके महत्व को समझा गया तो ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा हो, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक संचालन में सहयोग, चुनाव ड्यूटी हो या अन्य किसी भी कार्य में प्रशासन-पुलिस का सहयोग, PRD जवानों ने अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव से कार्य किया।

31 हजार से अधिक जवानों और परिवारों को मिलेगा लाभ

सीएम योगी ने कहा कि PRD स्वयंसेवकों के प्रदेश को प्रगति में योगदान, समर्पण और सेवाभाव को धन्यवाद देते हुए प्रदेश सरकार उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा दे रही है। इसके अंतर्गत 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों को किसी भी सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में ₹5 लाख तक मुफ्त चिकित्सा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा प्रतिवर्ष मिलेगी। PRD जवानों की संख्या को उनके परिवार के लिहाज से औसत रूप में देखें तो 1 लाख 55 हजार से अधिक सदस्य इससे लाभान्वित होंगे। 

PRD का बजट ₹23 करोड़ से बढ़कर ₹543 करोड़ हुआ

PRD जवानों के सम्मेलन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि PRD के जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा के मजबूत आधार हैं। महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद 2017 के पहले PRD का बजट मात्र ₹23 करोड़ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसे कई गुना बढ़ाया गया। आज PRD का बजट ₹543 करोड़ हो चुका है।

दस स्वयंसवेकों को सीएम योगी के हाथों मिला कैशलेस चिकित्सा कार्ड

प्रांतीय रक्षक दल के सम्मेलन में दस स्वयंसेवकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्राप्त हुआ। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र, उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत, अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: आलू किसानों के लिए योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 1000 करोड़ के भाव स्थिरता कोष समेत 3 योजनाएं लागू

Related to this topic: