दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे चोर का पीछा करने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे चोर का पीछा करने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी शुक्रवार शाम करीब 4:53 बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन स्थित पुलिस स्टेशन को मिली, जब RPF कंट्रोल रूम ने बताया कि शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।
22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई पहचान
जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को मौके की जांच के लिए सूचित किया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र श्रवण सिंह के रूप में हुई जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के वाजिदपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर रोहित का मोबाइल फोन छीन लिया गया। आरोपी का पीछा करते समय ट्रेन नंबर 15035 DL-KGM एक्सप्रेस की चपेट में आ गया।
आरोपी के खिलाफ स्नैचिंग का केस दर्ज
शव को मेडिको-लीगल प्रोसीजर के लिए अरुणा आसफ अली हॉस्पिटल भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि स्नैचर की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। स्नैचिंग का केस दर्ज कर लिया गया है, और आगे की कार्यवाही की जा रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bjp-pushing-nitish-out-of-bihar-says-rabri-devi/147809
नीतीश को बिहार से बाहर 'धकेल' रही भाजपा, यह स्वैच्छिक रिटायरमेंट नहीं: राबड़ी देवी