मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा में नशे के इंजेक्शन बेचने और एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा में नशे के इंजेक्शन बेचने और एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
चार साल से नशे का था आदी
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सर्वेश राठौर पिछले करीब चार वर्षों से टरविन (नशीले) इंजेक्शन का आदी था। वह पोरसा के एक मेडिकल स्टोर से आरोपी सुनील अग्रवाल और राजकुमार अग्रवाल से लगातार इंजेक्शन खरीदता था। नशे की लत के कारण उस पर करीब 30 हजार रुपये का उधार हो गया था।
उधारी को लेकर बनाया जा रहा था दबाव
जांच के अनुसार, दोनों आरोपी उधारी की रकम वसूलने के लिए मृतक पर लगातार दबाव बना रहे थे। आरोप है कि वे उसे अपमानित और प्रताड़ित भी करते थे। घटना वाले दिन भी उधारी नहीं चुकाने पर आरोपियों ने इंजेक्शन देने से इनकार कर दिया और कथित रूप से उसका अपमान किया। इससे आहत होकर सर्वेश ने आत्महत्या कर ली।
साक्ष्यों के आधार पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पोरसा में आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक मुरैना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी अंबाह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।
यह भी पढ़े: सिंहस्थ कुंभ 2027 से पहले त्र्यंबकेश्वर में भूकंपीय और भूस्खलन सर्वे शुरू