प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कानपुर में कार की छत पर युवक की मौत

कानपुर में कार की छत पर युवक को लिटाकर 1.5 किमी तक दौड़ाई गाड़ी, इलाज के दौरान मौत; CCTV में कैद वारदात

उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुरानी रंजिश के चलते 37 वर्षीय युवक के साथ मारपीट कर उसे कार की छत पर लिटाकर गाड़ी दौड़ाने का मामला सामने आया है।

कानपुर में कार की छत पर युवक को लिटाकर 15 किमी तक दौड़ाई गाड़ी इलाज के दौरान मौत cctv में कैद वारदात

Youth Dies on Car Roof in Kanpur |

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुरानी रंजिश के चलते 37 वर्षीय युवक के साथ मारपीट कर उसे कार की छत पर लिटाकर गाड़ी दौड़ाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर युवक को करीब 1.5 किलोमीटर तक कार पर लेकर गए और फिर सड़क पर फेंककर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मृतक की पहचान बीरू सिंह भदौरिया (37) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बीरू मंगलवार रात दशहरा मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अर्रा रोड पर कथित तौर पर हमलावरों ने उसे कार से टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने बीरू के साथ मारपीट की और उसे कार की छत पर लिटा दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने उसके दोनों हाथ कार की खिड़कियों के शीशों के बीच फंसाकर खिड़कियां बंद कर दीं और फिर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने लगे।

करीब 1.5 किलोमीटर तक कार पर लेकर गए हमलावर

आरोपियों ने बीरू को करीब 1.5 किलोमीटर तक कार की छत पर लिटाकर घुमाया। इसके बाद उसे सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल बीरू को परिजनों ने लाला लाजपत राय (हैलट) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने घटना को अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना माना था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज सामने आने और परिजनों की शिकायत के बाद मामले में हत्या का आरोप सामने आया। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, अर्रा रोड पर घायल अवस्था में मिले युवक की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: उज्जैन में पुलिस टीम पर लाठी-पत्थरों से हमला, SI की वर्दी फाड़ी; 4 पुलिसकर्मी घायल, 7 पर केस

Related to this topic: