रायबरेली में बेहटा पुल पर रील बनाते समय एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह उफनती नदी में जा गिरा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद दोस्तों ने बचाया।
रायबरेली: सोशल मीडिया पर 'लाइक्स' और 'कमेंट्स' का नशा युवाओं के सिर चढ़कर ऐसा बोल रहा है कि वे अपनी जिंदगी को दांव पर लगाने से भी नहीं चूक रहे। ताजा मामला भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटा पुल का है, जहां रील बनाने की सनक में एक युवक की जान जाते-जाते बची। हीरो बनने के चक्कर में युवक नदी में जा गिरा और गहरे पानी में समाने लगा। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद दोस्तों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे बाहर निकाल लिया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
संतुलन बिगड़ने से नदी में गिरा युवक
चश्मदीदों के मुताबिक, युवक बेहटा पुल के किनारे खड़े होकर हाथ-पैर मटकाते हुए रील बनवा रहा था। बैकग्राउंड में गाना बज रहा था और युवक कैमरे के सामने टशन दिखा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे बहती उफनाई नदी में जा गिरा।
पुल पर बना अफरा-तफरी का माहौल
युवक के नदी में गिरते ही किनारे पर मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए। मिनटों पहले जो युवक स्क्रीन पर हीरो बन रहा था, वह पानी के थपेड़ों के बीच जिंदगी की भीख मांगता दिखा। वह पानी में हाथ-पैर मारते हुए डूबने लगा। पुल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
आस-पास मौजूद युवकों ने बचाई जान
जब युवक डूबने की कगार पर था, तभी मौके पर मौजूद कुछ साहसी युवकों ने बिना एक पल गंवाए उफनती नदी में छलांग लगा दी। जाबांजों ने कड़ी मशक्कत के बाद डूबते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला। अगर कुछ सेकेंड की भी देरी होती, तो रील का यह शौक मातम में बदल सकता था।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा...
इस पूरे ड्रामे और रेस्क्यू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि पुलों, नदियों और खतरनाक जगहों पर रील बनाने के स्टंट से बचें।
ये भी पढ़ें- बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का DBT से भुगतान, औरंगाबाद के करीब 2.51 लाख लाभुकों को मिले 28.74 करोड़ रुपये