भदोखर थाना क्षेत्र के नथुवापुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया।
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: भदोखर थाना क्षेत्र के नथुवापुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने उसे समझाकर नीचे उतरने के लिए कहा। काफी प्रयास के बाद युवक नीचे उतरने लगा, लेकिन इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह टावर से नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों ने समझाकर नीचे उतारा
बताया गया कि रोहित नथुवापुर गांव में पहुंचा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। उसे टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाया और नीचे उतरने के लिए कहा। काफी प्रयास के बाद युवक नीचे उतरने लगा, लेकिन इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। उसके गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा
हादसे में युवक के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। गंभीर हालत को देखते हुए उसे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक की पहचान रोहित (25) पुत्र नन्नू कोरी, निवासी नया पुरवा रतनशीपुर, थाना मिल एरिया के रूप में हुई है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई
घटना की सूचना मिलने पर भदोखर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, युवक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि, युवक टावर पर क्यों चढ़ा था, इसके वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है।
सीओ सिटी ने दी जानकारी
सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के टावर से उतरते समय युवक नीचे गिरकर घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में 2 बच्चों के लापता होने पर पुलिस के दावे पर सवाल