बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नैनिहा कांटा चौराहे पर देर रात सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नैनिहा कांटा चौराहे पर देर रात सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा सेमरहना निवासी रविन्द्र निषाद पुत्र चन्द्रभान देर रात नैनिहा कांटा चौराहे से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई और घायल रविन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविन्द्र ने दम तोड़ दिया।
आठ महीने पहले पत्नी ने की थी आत्महत्या
बताया जा रहा है कि करीब आठ माह पूर्व रविन्द्र की पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से रविन्द्र के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था। परिजनों के मुताबिक, रविन्द्र करीब दो दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश की जारी
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः अंबाह पुलिस ने चोरी की वारदातों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार और 3 लाख का मशरूका बरामद