प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

चोरी की घटना के 7 दिन बावजूद पुलिस के हाथ खाली

घर में चोरी के बाद यूट्यूब स्टार रचना गुर्जर का फूटा गुस्सा, कहा- CM से करेंगी शिकायत

यूट्यूबर के घर हुई चोरी की घटना के सात दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं होने पर रचना गुर्जर ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

घर में चोरी के बाद यूट्यूब स्टार रचना गुर्जर का फूटा गुस्सा  कहा- cm से करेंगी शिकायत

अपने जेवर दिखाते हुए रचना गुर्जर और उनके पति का फाइल फोटो |

नरवर (मध्य प्रदेश): शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र के मोहनी ख्यावदा में सोशल मीडिया की चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को आज पूरे सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरी के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज रचना गुर्जर ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 

अब तक न चोरों का सुराग मिला, न ही कोई गिरफ्तारी हुई- रचना गुर्जर

रचना गुर्जर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि चोरी की घटना के बाद पुलिस ने केवल एफआईआर दर्ज कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली है, लेकिन आज दिनांक तक न तो चोरों का कोई सुराग मिला है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है।

मुख्यमंत्री से करेंगी मामले की शिकायत

रचना ने दो टूक शब्दों में कहा कि उनके घर से चोरी हुए सामान और नकदी की बरामदगी तो दूर, पुलिस अभी तक चोरों की पहचान तक नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस इसी तरह ढिलाई बरतती रही तो वह इस मामले को जिले से लेकर भोपाल तक उठाएंगी। जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत करेंगी, लेकिन चोरों को गिरफ्तार कराए बिना वह शांत नहीं बैठेंगी।

चोरी की घटनाओं से डर और असुरक्षा का माहौल

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। यदि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता का पुलिस पर से विश्वास उठ सकता है। रचना गुर्जर ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इधर रचना गुर्जर के बयान के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। 

समर्थकों और फॉलोअर्स ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की

सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थक और लाखों फॉलोअर्स पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं कि आखिर कब तक इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का खुलासा हो पाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है। 

Related to this topic: