प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बलूचिस्तान में 12 उग्रवादी ढेर

बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 12 उग्रवादी मारे गए

बलूचिस्तान के कलात जिले में सेना के अभियान में 12 उग्रवादी मारे गए, वहीं भाग शहर में हथियारबंद हमले की कोशिश भी सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दी।

बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई 12 उग्रवादी मारे गए

12 Militants Killed in Balochistan Operation, Says Pakistan Army | File Photo

कराची (पाकिस्तान)। पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने अशांत बलूचिस्तान प्रांत के कलात ज़िले में बलूच विद्रोही समूहों से जुड़े 12 उग्रवादियों को मार गिराया है। सेना ने बुधवार को यह जानकारी दी। सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर), ने एक बयान में बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने शुक्रवार को प्रांत के भाग शहर पर दर्जनों हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा कब्ज़ा करने की कोशिश को भी नाकाम कर दिया। इस दौरान पांच लोग घायल हो गए।

खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया अभियान

बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने बुधवार को खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया, जिसमें 12 बलूच उग्रवादी मारे गए। बयान में कहा गया, “ऑपरेशन के दौरान उग्रवादियों के ठिकाने की पहचान कर उस पर निगरानी रखी गई और त्वरित एवं सटीक कार्रवाई के जरिए उसे ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में 12 उग्रवादी मारे गए।” बयान में कहा गया कि घटनास्थल पर ही बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को नष्ट कर दिया गया।

आतंकवाद-रोधी अभियान पूरी गति से जारी

इसमें कहा गया कि सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा ‘अज़्म-ए-इस्तेहकाम’ के तहत चलाया जा रहा आतंकवाद-रोधी अभियान पूरी गति से जारी रहेगा, ताकि देश से विदेश प्रायोजित और समर्थित उग्रवाद के खतरे का पूरी तरह खात्मा किया जा सके। इस बीच, शुक्रवार को बलूचिस्तान के भाग शहर में उग्रवादियों ने एक पुलिस थाने, सहायक आयुक्त के कार्यालय और एक बैंक पर हमला कर दिया। इस हमले में घायल हुए पांच लोगों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

सुरक्षा बलों का करीब दो घंटे तक हमलावरों के साथ मुठभेड़

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि करीब 40 उग्रवादियों ने भारी हथियारों, रॉकेट लॉन्चरों, मशीनगनों, स्नाइपर राइफलों और हथगोले का इस्तेमाल करते हुए इन तीनों स्थानों पर हमला किया। रिंद ने बताया कि उग्रवादी भाग पुलिस थाने पर कब्जा करने या वहां रखे हथियारों को अपने कब्जे में लेने में विफल रहे। सुरक्षा बलों ने करीब दो घंटे तक हमलावरों के साथ मुठभेड़ की, जिसके बाद उन्हें पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया गया। (इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ें: चार दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा

Related to this topic: