जेपी मॉर्गन के अनुसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अमेरिका वैश्विक नेता बना हुआ है, लेकिन चीन सस्ते मॉडलों के साथ तेजी से अंतर कम कर रहा है।
नई दिल्ली। वित्तीय क्षेत्र की प्रमुख संस्था JPMorgan Chase की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के वैश्विक परिदृश्य में अमेरिका अभी भी अग्रणी स्थान पर बना हुआ है। हालांकि, चीन कम लागत वाले और व्यावसायिक रूप से आकर्षक एआई मॉडलों के जरिए तेजी से अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है, जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ती दिखाई दे रही है।
AI के क्षेत्र में अमेरिका अब भी आगे
"Semiquincententech: 250 Years of American Market Leadership" शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका एआई अनुसंधान, नवाचार, निवेश और डिजिटल बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत स्थिति रखता है। इसके बावजूद, चीनी कंपनियां व्यावसायिक उपयोग के लिए एआई समाधानों को अधिक सुलभ और किफायती बनाकर वैश्विक बाजार में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के पास विश्व की कई अग्रणी एआई प्रयोगशालाएं, उन्नत सेमीकंडक्टर तकनीक, विशाल क्लाउड कंप्यूटिंग नेटवर्क और एआई-आधारित उत्पादकता सुधारों का मजबूत आधार है। यही कारण है कि एआई विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में उसकी बढ़त बरकरार है।
हार्डवेयर क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियां प्रभावशाली
हार्डवेयर क्षेत्र में भी अमेरिकी कंपनियां प्रभावशाली स्थिति में हैं। विशेष रूप से NVIDIA वैश्विक एआई एक्सेलेरेटर बाजार में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रखती है। वहीं Google, Amazon, Microsoft और Meta Platforms जैसी कंपनियां अपनी कंप्यूटिंग क्षमताओं को बेहतर बनाने और खर्च कम करने के लिए स्वयं विकसित चिप्स का उपयोग बढ़ा रही हैं।
उत्पादकता के मामले में अमेरिका सबसे आगे
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उत्पादकता के मामले में अमेरिका अन्य प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं से आगे है। श्रम उत्पादकता और कुल कारक उत्पादकता जैसे संकेतकों में अमेरिकी प्रदर्शन विशेष रूप से मजबूत पाया गया।
चीन का एआई इकोसिस्टम भी हो रहा विकसित
दूसरी ओर, चीन का एआई इकोसिस्टम उल्लेखनीय गति से विकसित हो रहा है। विशेष रूप से ओपन-वेट और कम लागत वाले एआई मॉडलों के क्षेत्र में चीनी कंपनियों ने मजबूत पकड़ बनाई है। रिपोर्ट के अनुसार, कम खर्च में बेहतर प्रदर्शन देने वाले कई एआई मॉडल चीन से आ रहे हैं और वे वैश्विक ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। अध्ययन में बताया गया है कि DeepSeek, MiniMax, Xiaomi और Alibaba जैसी कंपनियां लागत-प्रभावी एआई समाधानों के क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। कई मामलों में इनके मॉडल प्रदर्शन और मूल्य के संतुलन के कारण प्रतिस्पर्धी माने जा रहे हैं।
2026 के अंत तक चीन पहुंच सकता है अमेरिका के काफी करीब
विश्लेषण में यह अनुमान भी व्यक्त किया गया है, कि 2026 के अंत तक कुछ प्रमुख चीनी ओपन-वेट मॉडल प्रदर्शन के मामले में अग्रणी क्लोज्ड एआई मॉडलों के काफी करीब पहुंच सकते हैं, जबकि उनकी संचालन लागत काफी कम रहेगी। इससे कंपनियों को बेहतर लागत-प्रबंधन का विकल्प मिल सकता है। इसके बावजूद, रिपोर्ट का निष्कर्ष है, कि साइबर सुरक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वायत्त एआई एजेंटों और जटिल तर्क आधारित कार्यों जैसे उच्च स्तरीय अनुप्रयोगों में अमेरिकी कंपनियों के उन्नत मॉडल अभी भी महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए हैं।(एएनआई)
यह भी पढ़ेंः गंगा में नाव पर चिकन-शराब पार्टी मामले के पांचों आरोपी जमानत पर रिहा