बौद्ध-ईसाई एकता परिषद के महासचिव ने गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की और कहा कि उनका मानना है कि युवक को गिरफ्तार करने के बजाय चरमपंथियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए था।
ढाका ( बांग्लादेश)। बांग्लादेश में पुलिस ने हरि दास तारोनी नामक एक हिंदू युवक को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बांग्लादेश हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद के महासचिव मनिंद्र कुमार नाथ ने इस हिंदू युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की। नाथ ने एएनआई को बताया, "मैंने अभी-अभी गाइबांधा के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। पुलिस अधीक्षक ने मुझे बताया कि हरि दास नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मैंने उनसे आरोप के बारे में पूछा, तो एसपी ने बताया कि उसे मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और बांग्लादेश पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने उसे ढाका के उत्तरी इलाके से गिरफ्तार किया है।"
बौद्ध-ईसाई एकता परिषद के महासचिव ने की गिरफ्तारी की निंदा
उन्होंने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की और कहा कि उनका मानना है कि युवक को गिरफ्तार करने के बजाय चरमपंथियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए था। हरि दास ने उत्तरी बांग्लादेश के गाइबांधा जिले में भगवान राम की 81 फुट ऊंची प्रतिमा का निर्माण शुरू किया था। यह घटनाक्रम पिछले महीने उत्तरी बांग्लादेश के गाइबांधा जिले में एक इस्लामी प्रदर्शन के दौरान भगवान राम की प्रतिमा के कथित अपमान के विरोध में हिंदू अल्पसंख्यकों द्वारा किए गए व्यापक प्रदर्शनों के बाद सामने आया है। 23 जून को भारत ने बांग्लादेश से कट्टरपंथी इस्लामी संगठनों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई शुरू करने और अल्पसंख्यक समुदायों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया था। बाद में नई दिल्ली में एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान संवेदनशील भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर बोलते हुए विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने धार्मिक संस्थानों और प्रतीकों को निशाना बनाए जाने की बढ़ती घटनाओं पर नई दिल्ली की गहरी चिंता व्यक्त की। (एएनआई)