प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बिना स्टीयरिंग-ब्रेक वाली साइबरकैब्स

एलन मस्क ने ऑस्टिन की सड़कों पर उतारीं बिना स्टीयरिंग-ब्रेक वाली साइबरकैब्स

एलन मस्क ने ऑस्टिन में बिना स्टीयरिंग व्हील और ब्रेक पेडल वाली टेस्ला साइबरकैब्स उतारीं। कंपनी की योजना इस सेवा को अन्य शहरों तक विस्तार देने की है।

एलन मस्क ने ऑस्टिन की सड़कों पर उतारीं बिना स्टीयरिंग-ब्रेक वाली साइबरकैब्स

Elon Musk Launches Tesla Cybercabs Without Steering Wheels in Austin |

न्यूयॉर्क (अमेरिका)। एलन मस्क ने बृहस्पतिवार को टेक्सास के ऑस्टिन की सड़कों पर बिना स्टीयरिंग व्हील या ब्रेक पेडल वाली दर्जनों अपने आप चलने वाली 'साइबरकैब्स' उतारीं। उन्होंने इस उम्मीद के साथ यह दांव लगाया है कि अमेरिकी यात्री आपात स्थिति में 'कोई नियंत्रण न होने' के डर से उबरकर इसमें सवारी करेंगे।

टेस्ला की टैक्सियों को लेकर बढ़ी उम्मीद

सुनहरे रंग की इन टेस्ला कारों की शुरुआत ऐसे समय में हुई है जब कंपनी अन्य शहरों में भी इस सेवा को शुरू करने की तैयारी कर रही है। इन टैक्सियों में यात्रियों के पास आपात स्थिति में नियंत्रण अपने हाथ में लेने का कोई साधन नहीं होता है। वाहनों की बिक्री में आई गिरावट के बीच टेस्ला के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा था, लेकिन बृहस्पतिवार को इसमें पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। यह उछाल इस उम्मीद में दिखा कि भविष्य की तकनीक जैसी दिखने वाली ये टैक्सियां तेजी से लोकप्रिय होंगी।

बिना स्टीयरिंग और ब्रेक पेडल की टैक्सी

इस पेशकश से पहले टेस्ला ने 'एक्स' पर लिखा, ''कोई स्टीयरिंग व्हील नहीं, कोई ब्रेक पेडल नहीं।'' अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क कितनी जल्दी साइबरकैब सेवा का व्यापक विस्तार करने का इरादा रखते हैं, लेकिन उन्हें तेजी से कदम उठाने की जरूरत है।

टेस्ला को वेमो से मिल रही चुनौती

सड़कों पर उतारी गई टैक्सियों की संख्या और पूरी की गई यात्राओं के मामले में टेस्ला अपने आप चलने वाली टैक्सी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी 'वेमो' से पीछे है। बराबरी करने के लिए टेस्ला को यह साबित करना होगा कि उसकी केवल कैमरों पर आधारित प्रणाली सड़कों पर सुरक्षित रूप से चल सकती है और पैदल चलने वालों को बचा सकती है। इसके विपरीत वेमो और दूसरी प्रतिस्पर्धी कंपनी अमेजन की 'जूक्स' कैमरों के साथ रडार और लेजर-आधारित तकनीक 'लिडार' का भी उपयोग करती हैं।

बिना चालक वाली कारों पर भरोसा बड़ी चुनौती

भले ही टेस्ला की तकनीक अच्छी तरह से काम करे, फिर भी अमेरिकी यात्रियों को भरोसा दिलाना बाकी है। फरवरी में किए गए 'प्यू रिसर्च सेंटर' के एक सर्वेक्षण में पाया गया कि 10 में सात अमेरिकी वयस्क बिना चालक वाली कार में सवारी करने में बिल्कुल सहज नहीं या बहुत कम सहज महसूस करते हैं।

यह भी पढ़ें:   बडगाम में भारतीय सेना ने एक आतंकवादी को मार गिराया, एक AK राइफल और युद्ध में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद

Related to this topic: