मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद को बच्चों के यौन शोषण के आरोपों के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Former Maldives Foreign Minister Abdullah Shahid Arrested Over Child Sexual Abuse Suspicions |
माले (मालदीव): मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद को बच्चों के यौन शोषण के आरोपों के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 64 वर्षीय शाहिद की गिरफ्तारी 2 नवंबर की रात करीब 9:59 बजे स्थानीय समयानुसार कोर्ट वारंट के तहत की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने X पर दी गिरफ्तारी की जानकारी
मालदीव पुलिस ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच X पर जारी बयान में कहा, "18 साल से कम उम्र के बच्चे के यौन शोषण के शक में अब्दुल्ला शाहिद (64), एच. रबी'ई मंज़िल, माले को 2 नवंबर 2026 की रात करीब 21:59 बजे कोर्ट वारंट के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस अभी इस मामले में आगे की जांच कर रही है।" गिरफ्तारी के बाद शाहिद ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने अपने खिलाफ फैलाए जा रहे दावों को बेबुनियाद बताया। X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, "मेरे चरित्र को नुकसान पहुंचाने के लिए जो कहानियां फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह से बेबुनियाद झूठ हैं। मैं सभी से गुजारिश करता हूं कि ऐसे बेबुनियाद दावे फैलाने से बचें।"
UNGA के 76वें सत्र की कर चुके हैं अध्यक्षता
अब्दुल्ला शाहिद मालदीव के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने 2018 से 2023 तक पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह के कार्यकाल में विदेश मंत्री के रूप में काम किया। इसके अलावा, 2021-22 के दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 76वें सत्र की अध्यक्षता की थी। शाहिद मालदीव की संसद पीपल्स मजलिस के स्पीकर भी रह चुके हैं। उन्होंने फरवरी 2024 से अगस्त 2026 तक मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) का नेतृत्व किया। पार्टी का नेतृत्व छोड़ने के बाद उन्होंने पार्टी प्राइमरी में हिस्सा लेने का फैसला किया था।
दिल्ली के साहित्य महोत्सव में हुए थे शामिल
शाहिद पिछले महीने नई दिल्ली आए थे। यहां उन्होंने वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल 2026 में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्हें 'स्पेसेस वी कॉल होम: डायस्पोरा एंड बिलॉन्गिंग' शीर्षक वाले सत्र की अध्यक्षता करने के लिए आमंत्रित किया गया था। मालदीव पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है।
(ANI)
ये भी पढ़ें: इटावा में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये की कथित ठगी, महिला ने दर्ज कराई शिकायत