हंगरी के संसदीय चुनाव में पीटर मैग्यार की टिस्ज़ा पार्टी ने निर्णायक जीत हासिल की है। दुनिया भर से टिस्ज़ा पार्टी को बधाई संदेश मिल रहे हैं।
बुदापेस्ट (हंगरी)। हंगरी के संसदीय चुनाव में पीटर मैग्यार की टिस्ज़ा पार्टी ने निर्णायक जीत हासिल की है। इस जीत ने विक्टर ओर्बन की फिदेज़ पार्टी के सोलह साल के लगातार शासन को समाप्त करते हुए देश में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव ला दिया है। दुनिया भर से टिस्ज़ा पार्टी को बधाई संदेश मिल रहे हैं। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। उन्होंने भारत और हंगरी के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने दिया बधाई संदेश
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर उन्हें बधाई संदेश देते हुए लिखा 'पीटर मैग्यार और टिस्ज़ा पार्टी को शानदार चुनावी जीत पर हार्दिक बधाई। भारत और हंगरी गहरी दोस्ती, साझा मूल्यों और स्थायी आपसी सम्मान के बंधन से जुड़े हैं। मैं हमारे द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने तथा हमारे लोगों की साझा समृद्धि और भलाई के लिए महत्वपूर्ण भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने हेतु आपके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूँ।'
टिस्ज़ा पार्टी की प्रचंड जीत, ओर्बन ने स्वीकार की हार
'अल जज़ीरा' के अनुसार, 97.35 फीसदी वोटों की गिनती पूरी होने के बाद, पीटर मैग्यार की मध्य-दक्षिणपंथी टिस्ज़ा पार्टी ने 199 सदस्यीय संसद में 138 सीटें जीतीं और 53.6 फीसदी वोट हासिल किए। इसके विपरीत, राष्ट्रवादी नेता विक्टर ओर्बन की फिदेज़ पार्टी को 37.8 फीसदी समर्थन के साथ 55 सीटें मिलीं। अपनी हार स्वीकार करने के बाद, निवर्तमान प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन ने मैग्यार को बधाई दी।
पीटर मैग्यार को दुनिया भर से मिलीं शुभकामनाएं
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मैग्यार से मुलाकात कर उन्हें इस जीत पर बधाई दी। उन्होंने इस जीत को लोकतांत्रिक भागीदारी और यूरोपीय मूल्यों की जीत बताया। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मैग्यार और उनकी टिस्ज़ा पार्टी को बधाई दी और भविष्य में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा आर्थिक समृद्धि व वैश्विक सुरक्षा जैसे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने को लेकर आशा व्यक्त की। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस परिणाम का स्वागत करते हुए इसे यूरोपीय मूल्यों की जीत बताया। वहीं, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने भी मैग्यार को बधाई दी और यूरोप के भीतर भविष्य के सहयोग को लेकर आशा व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/india-uk-fta-to-boost-trade-and-ease-export-pressure/157057
भारत-ब्रिटेन एफटीए से खुलेगा व्यापार का नया रास्ता, मई में लागू हो सकता है FTA