अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास 3 अमेरिकी ड्रोन मार गिराए हैं।
तेहरान (ईरान): अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास 3 अमेरिकी ड्रोन मार गिराए हैं। इनमें एक MQ-9 सैन्य ड्रोन और दो MQM-170 टोही ड्रोन शामिल हैं। ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के मुताबिक, IRGC ने अलग-अलग बयानों में इन घटनाओं की जानकारी दी है। प्रेस टीवी के अनुसार, IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने दावा किया कि उसने इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली का इस्तेमाल करके केशम द्वीप के दक्षिण में दो अमेरिकी MQM-170 टोही ड्रोन मार गिराए। इसके साथ ही ईरान का दावा है कि इस तरह पकड़े गए इन ड्रोन की कुल संख्या 4 हो गई है।
होर्मुज के पूर्व में MQ-9 ड्रोन को नष्ट करने का दावा
एक अन्य बयान में IRGC एयरोस्पेस फोर्स ने कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। IRGC ने कहा, "55वें उन्नत MQ-9 ड्रोन को एयरोस्पेस फोर्स के नए विकसित वायु रक्षा सिस्टम ने ट्रैक किया और देश के एकीकृत वायु रक्षा नेटवर्क के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हवाई क्षेत्र में मार गिराया।" ये दावे ऐसे समय सामने आए हैं, जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच सैन्य तनाव बना हुआ है। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से संभावित समझौते के लिए कूटनीतिक प्रयासों के संकेत भी दिए जा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि ईरान के साथ संभावित समझौते की उम्मीद के बीच तेल की कीमतों में करीब 10 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि तेहरान जल्द से जल्द समझौता करना चाहता है। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, "तेल की कीमतें बहुत तेजी से गिर रही हैं, लगभग 10 डॉलर प्रति बैरल। यह एक रिकॉर्ड है, क्योंकि लोगों को लगता है कि ईरान के साथ युद्ध नहीं होगा। ईरान जल्द से जल्द समझौता चाहता है। ऐसा हो सकता है!"
जेडी वेंस ने बातचीत में प्रगति की बात कही
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ईरान के साथ बातचीत के जरिए समझौता होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन को लगता है कि बातचीत में कुछ प्रगति हुई है। मिनेसोटा में फॉक्स न्यूज से बातचीत के दौरान वेंस ने कहा, "राष्ट्रपति और मैं दोनों ही बातचीत के जरिए समझौते की उम्मीद को लेकर काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं। हम इस पर काम करते रहेंगे। हमने निश्चित रूप से कुछ प्रगति की है। हम देखेंगे कि क्या हम आगे कुछ और कर सकते हैं।"
ईरान ने कहा- सैन्य कार्रवाई हुई तो जवाब और कड़ा होगा
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश कूटनीति और सैन्य टकराव, दोनों के लिए तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका की ओर से कोई नई सैन्य कार्रवाई की गई, तो ईरान उसका पहले से ज्यादा कड़ा जवाब देगा। अराघची ने कहा कि ईरान अपनी शर्तें और प्रस्तावित कूटनीतिक योजना पेश कर चुका है। अब आगे की बातचीत वॉशिंगटन की इच्छा पर निर्भर करती है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी कहा कि बातचीत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अमेरिका की है। उन्होंने तेहरान की ओर से अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करने की मांग दोहराई।
(ANI)
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, सड़क पार कर रहे 24 वर्षीय युवक को ट्रक ने कुचला