ईरान अपने राष्ट्रीय एयरस्पेस को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोलने की तैयारी कर रहा है। तस्नीम न्यूज एजेंसी ने यह रिपोर्ट दी है। शुरुआत में उड़ानें देश के पूर्वी क्षेत्र से पश्चिम की ओर शुरू की जाएंगी।
तेहरान (ईरान)। ईरान अपने राष्ट्रीय एयरस्पेस को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोलने की तैयारी कर रहा है। तस्नीम न्यूज एजेंसी ने यह रिपोर्ट दी है। एजेंसी ने ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन के डिप्टी डायरेक्टर के हवाले से संकेत दिया है कि उड़ाने धीरे धीरे शुरू की जाएंगी। शुरुआत में उड़ानें देश के पूर्वी क्षेत्र से पश्चिम की ओर शुरू की जाएंगी।
क्षेत्रीय तनाव के बाद सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश
इन प्रस्तावित उड़ानों का उद्देश्य सामान्य स्थिति कायम करना है जो हाल के क्षेत्रीय विवाद की वजह से बाधित हो गई थी। एयरस्पेस खोलने की यह प्रक्रिया चार अलग-अलग चरणों में पूरी की जाएगी। अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से 28 फरवरी से ईरान का एयरस्पेस पूरी तरह बंद कर दिया गया था।
तेहरान एयरपोर्ट पर हलचल तेज, लेकिन समयसीमा तय नहीं
ईरान की एयरलाइंस एसोसिएशन के मुताबिक, राजधानी तेहरान के प्रमुख एयरपोर्टों पर भी कामकाज जल्द शुरू होगा। हालांकि ईरान की तरफ से उड़ानों के पूरी तरह शुरू करने के लिए अभी कोई निश्चित समयसीमा नहीं तय की गई है, लेकिन एयरपोर्टों पर तैयारियां तेज हैं।
अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को बड़ी राहत
अब इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि ईरान का रास्ता बंद होने की वजह से कई उड़ानों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा था। अब ईरान ने चरणबद्ध तरीके से उड़ानों को अनुमति देने का जो प्लान तैयार किया है, उससे हवाई यातायात धीरे-धीरे पटरी पर लौटेगा।
चार चरणों में खुलेगा एयरस्पेस, सुरक्षा समीक्षा के बाद आगे बढ़ेगा प्लान
सबसे पहले चरण में ट्रांजिट फ्लाइट्स को इजाजत दी जाएगी। ये विमान ईरान के ऊपर से गुजरेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एयरपोर्टों को चालू किया जाएगा। नागरिक उड्डयन संगठन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद ही अगले कदम उठाए जा रहे हैं। तीसरे चरण में ईरान के दो सबसे महत्वपूर्ण हवाई अड्डे, मेहराबाद और इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही शुरू होगी। ये दोनों एयरपोर्ट राजधानी तेहरान के मुख्य केंद्र हैं। सबसे अंत में यानी चौथे चरण में देश के पश्चिमी हिस्से के एयरपोर्ट खोले जाएंगे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/pm-modis-bankura-rally-end-of-tmcs-misrule/175635
बांकुड़ा में पीएम मोदी ने कहा- टीएमसी के महाजंगल राज को मिलेगी महासजा