प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दूसरे देशों को शामिल कर हमले संभव

अमेरिका और इजरायल रच रहे हैं युद्ध का दायरा बढ़ाने की साजिश: ईरान

ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची ने चेताया है कि अमेरिका और इजरायल अन्य देशों को शामिल कर या झूठे अभियानों के माध्यम से युद्ध का दायरा बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं।

अमेरिका और इजरायल रच रहे हैं युद्ध का दायरा बढ़ाने की साजिश ईरान

Iran Warns of US-Israel Plot to Expand Regional War |

तेहरान। ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची ने चेताया है कि अमेरिका और इजरायल अन्य देशों को शामिल कर या झूठे अभियानों के माध्यम से युद्ध का दायरा बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं। ईरान की सरकारी मीडिया 'प्रेस टीवी' ने यह जानकारी दी है।

दूसरे देशों को युद्ध में शामिल होने के लिए मजबूर करने की संभावना

अराघची ने ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्जियोस गेरापेट्रिटिस के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह आशंका व्यक्त की। रिपोर्ट में कहा गया है कि अराघची ने आगाह किया कि अमेरिका और इजरायल दूसरे देशों को युद्ध में शामिल होने के लिए मजबूर कर ईरान पर हमले करा सकते हैं या छद्म पहचान से तीसरे देश के खिलाफ अभियान चला सकते हैं।

अराघची ने देशों से की आक्रामक कृत्यों में मदद न करने की अपील

ईरानी मीडिया के मुताबिक, अराघची ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत देशों का यह कानूनी दायित्व है कि वे अपने क्षेत्रों या संसाधनों का इस्तेमाल आक्रामक कृत्यों की योजना बनाने या उनका समर्थन करने के लिए न होने दें। इस दौरान ईरानी मंत्री ने अमेरिका और इजरायल की ओर से पिछले महीने किए गए हमलों का विवरण भी दिया। उन्होंने कहा कि ये हमले संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 4 का स्पष्ट उल्लंघन हैं और संयुक्त राष्ट्र के एक सदस्य देश के खिलाफ सैन्य आक्रामकता का स्पष्ट मामला हैं।

अराघची ने सभी देशों से मानवीय आधार पर इन हमलों की निंदा करने का आग्रह किया और कहा कि गैरकानूनी अमेरिकी और इजरायली कार्रवाइयों के प्रति उदासीनता अंतरराष्ट्रीय मानकों और नैतिक व्यवस्था को कमजोर करती है, जिसका असर सभी देशों पर पड़ता है।

'ईरान रक्षात्मक अभियान जारी रखेगा'

अराघची ने यह भी दोहराया कि ईरान हमलावरों के खिलाफ अपने रक्षात्मक अभियान जारी रखेगा, जिसमें क्षेत्र में उनके सैन्य ठिकानों और सुविधाओं को निशाना बनाना शामिल है। होर्मुज जल मार्ग को लेकर उन्होंने कहा कि ईरान ने अन्य जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करते हुए इस जलमार्ग का उपयोग हमलावरों द्वारा किए जाने से रोकने के लिए कदम उठाए हैं। वहीं, ग्रीस के विदेश मंत्री गेरापेट्रिटिस ने मध्य-पूर्व की बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र वापसी की उम्मीद जताई।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/lic-receives-7100-crore-tax-notice-plans-to-appeal/152738

LIC को ₹7100 करोड़ का आयकर नोटिस, कंपनी ने बनाई चुनौती देने की योजना

Related to this topic: