इजरायल के पूर्व प्रवक्ता इयलोन लेवी ने पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान को अस्वीकार्य बताया जिसमें उन्होंने इजरायल को 'बुराई और मानवता के लिए अभिशाप' करार दिया है।
तेल अवीव। इजरायल के पूर्व प्रवक्ता इयलोन लेवी ने पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान को अस्वीकार्य बताया जिसमें उन्होंने इजरायल को 'बुराई और मानवता के लिए अभिशाप' करार दिया है। उन्होंने 'एएनआई' के साथ शुक्रवार को एक भेंटवार्ता में कहा कि पाकिस्तान आक्रामक है और व्यवस्थित तरीके से आतंकवाद का समर्थन करता है।
पाकिस्तान के रक्षामंत्री का बयान भड़काऊ और अस्वीकार्य
लेवी ने कहा, 'पाकिस्तान के रक्षामंत्री का बयान भड़काऊ और अस्वीकार्य है। इजरायल उनके बयान को अपने देश (इजराइल) को एक परमाणु राष्ट्र द्वारा विनाश के आह्वान के रूप में लेता है।' उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी ने इजरायल में गहरी चिंता पैदा कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक राजनीतिक बयान नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
सद्भावना से काम करने वाला देश नहीं पाकिस्तान
लेवी ने अपने बयान में भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना उस धारणा को और मजबूत करती है, जो भारतीयों के बीच पहले से मौजूद है। उनके अनुसार, भारत में यह विश्वास व्यापक रूप से देखा जाता है कि पाकिस्तान सद्भावना से काम करने वाला देश नहीं, बल्कि एक आक्रामक राष्ट्र है जो व्यवस्थित रूप से आतंकवाद का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की यह छवि केवल क्षेत्रीय राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी इसकी गूंज सुनाई देती है।
अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में पाकिस्तान की भूमिका चिंताजनक
लेवी ने पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में संभावित भूमिका को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान को ईरान जैसे संवेदनशील मुद्दों पर मध्यस्थ की भूमिका दी जाती है, तो यह एक खतरनाक मिसाल साबित हो सकती है। उनका मानना है कि इस तरह की भूमिका से पाकिस्तान की वैश्विक स्थिति एक पावर ब्रोकर के रूप में मजबूत हो सकती है, जिससे अन्य देश उस पर अधिक निर्भर हो सकते हैं। इससे भारत जैसे देशों की सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज किए जाने का खतरा भी बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/10-indians-charged-in-us-visa-fraud-fake-robbery-case/156519
अमेरिका में फर्जी डकैती की साजिश कर वीजा धोखाधड़ी का मामला, 10 भारतीयों पर अभियोग