पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी और उनके समर्थकों के पंजाब असेंबली के अंदर घुसने की कोशिश करते बवाल हो गया।
लाहौर। पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी और उनके समर्थकों के पंजाब असेंबली के अंदर घुसने की कोशिश करते बवाल हो गया। असेंबली के अंदर सुरक्षाकर्मियों द्वारा अफरीदी और उनके समर्थकों के साथ मारपीट करते हुए एक वीडियो ऑनलाइन सामने आया है।
पंजाब असेंबली के अंदर सुरक्षाकर्मियों ने की बदसलूकी
प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार एक वीडियो में, सुरक्षाकर्मी अफरीदी के प्रतिनिधि और खैबर पख्तूनख्वा के सीनियर मंत्री मीना खान अफरीदी को धक्का देते और पीटते हुए देखे जा सकते हैं। क्लिप में पंजाब असेंबली के अंदर सुरक्षाकर्मी खैबर पख्तूनख्वा के सीएम के समर्थकों के साथ बदसलूकी करते दिख रहे हैं। यह तब हुआ जब मीना खान ने बीच-बचाव किया और अपनी पार्टी (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) के कार्यकर्ताओं को बचाने की कोशिश की तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घसीटकर दूर कर दिया।
सीएम सोहेल अफरीदी ने ऐसी घटनाओं को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम सोहेल अफरीदी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और माहौल मार्शल लॉ जैसा प्रतीत होता है। आरोप लगाया कि पंजाब में एक “नकली सरकार” पीटीआई को डराने-धमकाने में लगी है। अफरीदी ने दावा किया कि लाहौर पहुंचने के दौरान उनके काफिले को रोका गया, कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी हुई और कुछ जगहों पर रेस्टोरेंट तक बंद करवा दिए गए।
पंजाब बनाम खैबर पख्तुनख्वा
पंजाब में इस समय पीएमएल-एन की सरकार है और मरियम नवाज मुख्यमंत्री हैं, जबकि खैबर पख्तूनख्वा में पीटीआई की सरकार है। सोहेल अफरीदी, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पीटीआई से जुड़े हुए हैं। अफरीदी तीन दिन के लाहौर दौरे पर थे, जहां उन्होंने पीटीआई नेताओं से मुलाकात की, पंजाब असेंबली में विपक्षी सदस्यों को संबोधित किया और लिबर्टी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं की रैली का नेतृत्व किया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/115-isis-suspects-arrested-in-trkiye/102704
तुर्की में आईएसआईएस के 115 संदिग्ध गिरफ्तार, नए साल के जश्न में खलल डालने की योजना किया नाकाम